​विश्व वानिकी दिवस 2026: सीएम योगी करेंगे जांबाजों का सम्मान, ‘अरण्य समागम’ में जुटेगा 17 राज्यों का ज्ञान

​विश्व वानिकी दिवस 2026: सीएम योगी करेंगे जांबाजों का सम्मान, ‘अरण्य समागम’ में जुटेगा 17 राज्यों का ज्ञान

World Forestry Day 2026

World Forestry Day 2026

लखनऊ। World Forestry Day 2026: विश्व वानिकी दिवस के मौके पर शनिवार को मानव-वन्यजीव संघर्ष व वानिकी के क्षेत्र में अच्छा काम करने वालों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सम्मानित करेंगे। इनमें बहराइच के 10 वर्षीय बालक अच्छे लाल व प्रयागराज की 18 वर्षीय युवती तनु सिंह शामिल हैं।

अच्छे लाल पर तेंदुए ने हमला कर दिया था, उसने बहादुरी का परिचय देते हुए स्वयं को बचाया था। तनु के घर तेंदुआ घुस गया था उसने बिना डरे साहस व सूझ-बूझ का परिचय दिखाते हुए स्वयं व दो छोटे बच्चों को कमरे से बाहर किया और तेंदुए को कमरे में बंद कर दिया था। बिना किसी जनहानि के तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सका था।

वन मंत्री डा. अरूण कुमार सक्सेना ने शुक्रवार को प्रेस कान्फ्रेंस में बताया कि शनिवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित 'अरण्य समागम राष्ट्रीय वानिकी संवाद' कार्यक्रम का मुख्यमंत्री उद्घाटन करेंगे। इसमें करीब 17 प्रदेशों के प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं विभागाध्यक्ष के साथ ही कैंपा (क्षतिपूर्ति वनीकरण कोष प्रबंधन एवं योजना प्राधिकरण) के सीईओ व विशेषज्ञ शामिल होंगे।

मुरादाबाद वन प्रभाग के उप क्षेत्रीय वन अधिकारी पुष्पेन्द्र सिंह को भी इसमें सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने पिछले तीन वर्षों में 12 तेंदुओं को रेस्क्यू कर वापस उनके प्राकृतवास में सुरक्षित छुड़वाया है।

तीन तकनीकी सत्र में पहला वन प्रबंधन का आधुनिकीकरण एवं डिजिटल एकीकरण है। दूसरा वन एवं वन्यजीव क्षेत्रों के आसपास मानव-वन्यजीव संघर्ष निवारण के तरीके है। इसमें विभिन्न प्रदेश अपनी-अपनी तकनीक पर विस्तार से चर्चा करेंगे। तीसरा सत्र वनीकरण एवं वन्यजीव संरक्षण कार्यों में कैंपा धनराशि का प्रभावी उपयोग एवं वित्तीय जवाबदेही है।

मुख्यमंत्री पीलीभीत टाइगर रिजर्व व सोहेलवा वन्यजीव प्रभाग की काफी टेबल बुक का विमोचन, वन विभाग की लघु फिल्मों का अनावरण भी करेंगे। कार्बन क्रेडिट के तहत तीन किसानों बिजनौर की कोमल सिंह, कुशीनगर के ईश्वर चन्द्र व रायबरेली की सुनीता को चेक दिए जाएंगे।

इन्हें भी मिलेगा सम्मान

नाम  पदनाम उत्कृष्ट कार्य
सुनील कुमार गौंड वन रक्षक हमीरपुर पौधारोपण की सफलता
शिवम कुमार वन रक्षक रामपुर वन तस्करों से भिड़कर अवैध पातन रोकना
रीना शर्मा माली, एटा पौधशाला में अच्छा काम
बृजेन्द्र पाल सिंह राष्ट्रीय संगठन मंत्री लोक भारती 100 से अधिक विद्यालयों में पौधारोपण
सत्येन्द्र कुमार श्रीवास्तव हेल्पिंग हैंड सेवा संस्थान झांसी  बुंदेलखंड में पौधारोपण अभियान में सक्रिय भागीदारी