वेदांता पावर प्लांट हादसा: एक और घायल की मौत, मृतकों की संख्या बढ़ी

वेदांता पावर प्लांट हादसा: एक और घायल की मौत, मृतकों की संख्या बढ़ी

Vedanta Power Plant Accident

Vedanta Power Plant Accident

नई दिल्ली। Vedanta Power Plant Accident, छत्तीसगढ़ के वेदांता पावर प्लांट हादसे में एक और घायल की मौत हो गई है। झारखंड निवासी मनीष कुमार, जो गंभीर रूप से घायल थे, उन्होंने रायगढ़ के मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद मृतकों की संख्या में और इजाफा हो गया है।

रायगढ़ जिले के अलग-अलग अस्पतालों में फिलहाल 9 घायलों का उपचार जारी है। इनमें से तीन की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम लगातार इलाज में जुटी हुई है, लेकिन हर गुजरते पल के साथ परिजनों की चिंता और बेचैनी बढ़ती जा रही है।

जिंदल अस्पताल में भर्ती अधिक मरीज

जिले के जिंदल अस्पताल में 6 मरीज भर्ती हैं, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है। अस्पताल के बाहर परिजन अपने अपनों के स्वस्थ होने की उम्मीद में डटे हुए हैं और लगातार दुआ कर रहे हैं।

कई परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

इस भीषण हादसे में कई परिवारों ने अपने कमाने वाले सदस्य को खो दिया है। अब तक कुल 35 मजदूर गंभीर रूप से झुलस चुके हैं। इनमें से चार की मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतकों में अधिकांश पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ के निवासी हैं।

14 अप्रैल को हुआ था विस्फोट

यह हादसा 14 अप्रैल की दोपहर वेदांता पावर प्लांट के बॉयलर-1 में ट्यूब फटने से हुआ था। विस्फोट इतना तेज था कि बॉयलर की संरचना को भारी नुकसान पहुंचा।

जांच में लापरवाही के संकेत

प्रारंभिक जांच में प्लांट में तकनीकी खामियों और लापरवाही के संकेत मिले हैं। बताया जा रहा है कि समस्याओं के बावजूद संचालन जारी रखा गया, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ।