हापुड़ में भीषण सड़क हादसा: पिकअप की टक्कर से पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, दो की मौत, एक घायल

1000264384

Horrific road accident in Hapur

हापुड़। Horrific road accident in Hapur, थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में एनएच-9 स्थित बागड़पुर फ्लाईओवर के पास शनिवार शाम करीब पांच बजे तेज रफ्तार पिकअप की पीछे से टक्कर लगने पर ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार ट्रैक्टर (यूपी-83 बीए-9831) हापुड़ से अमरोहा की ओर जा रहा था। ट्रैक्टर पर तीन लोग सवार थे। इसी दौरान पीछे से आ रही पिकअप (यूपी-37 बीटी-2393) ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया और पलट गया। तीनों सवार सड़क पर जा गिरे।

हादसे में आरिफ (45) पुत्र लतीफ निवासी नूरी, जनपद अमरोहा की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल कामिल (44) पुत्र अमजद निवासी मुबारक नागली, जनपद अमरोहा को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। तीसरे घायल मेहराज पुत्र नन्हे निवासी पतई, थाना डिडौली को मामूली चोटें आई हैं। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने दोनों मृतकों के परिजनों को सूचना देकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर और पिकअप को क्रेन की सहायता से हटवाकर यातायात सामान्य करा दिया गया। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।