यूपी के शिक्षा मॉडल का अध्ययन करेगी हरियाणा विधानसभा की शिक्षा समिति, स्मार्ट एजुकेशन से लेकर नई शिक्षा नीति तक होगी चर्चा

1000271373

The Haryana Assembly's Education Committee

लखनऊ। The Haryana Assembly's Education Committee, उत्तर प्रदेश की स्कूल शिक्षा व्यवस्था दूसरे प्रदेशों के लिए भी अध्ययन का विषय बन रही है। इसी कड़ी में हरियाणा विधान सभा की शिक्षा समिति सोमवार को लखनऊ पहुंचकर प्रदेश के शिक्षा मॉडल का अध्ययन करेगी।

सरकारी स्कूलों की आधारभूत सुविधाओं से लेकर स्मार्ट शिक्षा, शिक्षक भर्ती, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और कौशल शिक्षा तक 11 बिंदुओं पर उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों से विस्तार से चर्चा होगी।

समिति में सभापति, सदस्य और हरियाणा विधान सभा सचिवालय के अधिकारियों सहित कुल 30 सदस्य शामिल होंगे। जिन विषयों को चर्चा की जाएगी, उसमें सरकारी स्कूलों के भवन, प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, शौचालय, पेयजल और खेल मैदान जैसी आधारभूत सुविधाओं का विकास, सरकारी स्कूलों की संख्या, नामांकन की स्थिति, छात्र-शिक्षक अनुपात तथा ड्रापआउट रोकने के उपाय शामिल हैं।

इसके अलावा बुनियादी साक्षरता और संख्याज्ञान, शिक्षकों की भर्ती, स्थानांतरण, विषयवार उपलब्धता, प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण पर भी जानकारी साझा की जाएगी।

समिति स्मार्ट क्लास, डिजिटल लर्निंग, आइसीटी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) के उपयोग, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के क्रियान्वयन, व्यावसायिक एवं कौशल शिक्षा, उद्योगों से जुड़ाव, करियर काउंसिलिंग, स्कूलों की निगरानी व्यवस्था, प्रमुख सरकारी योजनाओं और उत्तर प्रदेश की सफल नवाचार योजनाओं का भी अध्ययन करेगी।

साथ ही प्रदेश के कुल बजट की तुलना में स्कूली शिक्षा पर होने वाले व्यय के पैटर्न पर भी चर्चा होगी। इसके लिए अपर मुख्य सचिव, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा ने सभी संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।