गजब हो गया! पुलिस चौकी खाली देख शख्स बना 'दरोगा'; कैप लगाकर अर्धनग्न कुर्सी पर बैठा, कागजात देखे, कुछ फाड़े, कुछ जेब में रखे
Hapur Viral Video Drunk Man Became Daroga In Police Chowki
Hapur Viral Video: उत्तर प्रदेश के हापुड़ से एकदम फिल्मी और गजब मामला सामने आया है. यहां एक युवक खाली पुलिस चौकी पाकर वहां का 'दरोगा' बन बैठा. युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. वीडियो को शेयर करते हुए यह दावा किया जा रहा है कि पुलिस चौकी में किसी भी पुलिसकर्मी की मौजूदगी नहीं थी और चौकी को लॉक भी नहीं किया गया था. इस बीच जब यह युवक वहां पहुंचा तो खुद ही 'दरोगागीरी' करने लगा.
पुलिस कैप लगाकर अर्धनग्न कुर्सी पर बैठा
चौंकाने वाला यह पूरा मामला हापुड़ की दोयमी पुलिस चौकी का बताया जाता है. रिपोर्ट्स के अनुसार, यह वाकया शुक्रवार रात का है. दावा है कि उक्त युवक शराब के नशे में धुत होकर चौकी में पहुंचा था. जब युवक ने चौकी में सन्नाटा पसरा देख तो उसके अन्दर 'सिंघम' वाला अवतार जाग गया और बन बैठा पुलिसवाला. वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक चौकी कार्यालय के भीतर अर्धनग्न अवस्था में है और पुलिस कैप लगाकर चौकी इंचार्ज की कुर्सी पर बैठा हुआ है.
कागजात देखे, कुछ फाड़े, कुछ जेब में रखे
यही नहीं युवक अफसर स्टाइल में वहां मेज पर पड़े कागजात भी पलटकर देखता है. कुछ कागज फाड़ता भी है और कुछ जेब में रख लेता है. जबकि वहां बाहर से वीडियो बना रहे लोग मौज में उससे अर्जी लिखने की बात करते सुने जा रहे हैं. वहीं अब सवाल यह है जब पुलिस चौकी में नकली साहब उत्पात मचा रहे थे, तब असली साहब कहां थे? चौकी में तैनात बाकी पुलिस टीम कहां गई हुई थी.
वीडियो
बताया जा रहा है कि घटना के समय चौकी प्रभारी क्षेत्र में गश्त पर थे, जबकि चौकी का बाकी पुलिस बल बुलंदशहर में 'वीवीआईपी ड्यूटी' पर गया हुआ था. पीछे से चौकी पूरी तरह भगवान भरोसे थी, जिसका फायदा इस युवक ने उठाया. आरोपी युवक को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. कहा जा रहा है कि युवक की हालत सुधरने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.