IAS रिंकू सिंह राही पर गिरी कार्रवाई, जालौन SDM पद से हटाए गए; अभद्र व्यवहार की शिकायतों के बाद तबादला
Action taken against IAS officer Rinku Singh Rahi
जालौन। Action taken against IAS officer Rinku Singh Rahi, बिना काम के वेतन लेना नियम के विपरीत बताकर भारतीय प्रशासनिक सेवा (आइएएस) से इस्तीफा देने वाले रिंकू सिंह राही को जालौन एसडीएम के पद से हटा कर उरई सदर तहसील में एसडीएम (ज्वाइंट मजिस्ट्रेट) न्यायिक बनाया गया है। रिंकू सिंह पांच मई को अपनी तैनाती के दूसरे दिन से ही विवाद में घिर गए थे।
शिक्षकों, अधिवक्ताओं व व्यापारियों से उनका विवाद चर्चा में रहा। 23 जून की शाम को जालौन ब्लाक प्रमुख रामराजा निरंजन के कोल्ड स्टोरेज में चेकिंग के समय विवाद के दौरान ब्लाक प्रमुख को थप्पड़ मारने के प्रयास व धक्का देने की शिकायत हुई थी। इस घटना का वीडियो सोमवार को ब्लाक प्रमुख ने सार्वजनिक कर दिया था।
डीएम राजेश कुमार पांडेय ने एसडीएम के इस अमर्यादित आचरण व अभद्रता के मामले की जांच एडीएम वित्त एवं राजस्व राजीव राज को सौंपी थी। डीएम ने बताया कि प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर रिंकू सिंह पर कार्रवाई की गई है।
जालौन तहसील के कर्मचारियों ने 10 दिन पहले डीएम से एसडीएम रिंकू सिंह द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायत की थी। इसी तरह स्कूलों में निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षकों को निकम्मा कह दिया था। व्यापारियों के साथ आम नागरिकों की शिकायत थी कि रास्ते में किसी का वाहन खड़ा देखकर रिंकू सिंह उसे धमकाते थे।
26 जून को जालौन ब्लाक प्रमुख रामराजा ने डीएम को वीडियो फुटेज के साथ शिकायत की थी। एडीएम वित्त एवं राजस्व ने बताया कि अभी जांच चल रही है। प्रारंभिक जांच में पीड़ितों की बातें सही मिलने की रिपोर्ट डीएम को दी थी।