‘2027 की जीत के लिए SIR अभियान में झोंकनी होगी ताकत’, जेपी नड्डा ने UP जीत का दिया मंत्र, CM योगी ने दी सख्त हिदायत
JP Nadda gave the Mantra for Winning in UP
JP Nadda gave the Mantra for Winning in UP: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा है कि एसआईआर का काम बेहद महत्वपूर्ण है। एक महीने की आपने इसमें जी-जान से मेहनत कर ली तो 2027 आपका होगा। आपको विधानसभा चुनाव जीतने से कोई रोक नहीं पाएगा। पूरा फोकस इस बात पर कीजिए कि फर्जी वोटर मतदाता सूची से कैसे बाहर किए जाएं। सही और राष्ट्रवादी विचारधारा का कोई मतदाता सूची में आने से छूट न जाए। बीएलओ के जरिए गलत वोटरों को सूची से बाहर करने में जुट जाएं। इसके लिए ज्यादा से ज्यादा आपत्तियां दाखिल करें।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने शनिवार को पार्टी मुख्यालय में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में प्रदेश पदाधिकारियों संग बैठक में कहा कि प्रधानमंत्री ने मेरा बूथ-सबसे मजबूत का मंत्र दिया है। बूथ तभी मजबूत होगा, जब पार्टी कार्यकर्ता एसआईआर पर फोकस करें। उन्होंने कहा कि 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती है। इसे धूमधाम से मनाएं। नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 दिसंबर को राजधानी लखनऊ में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर भी तैयारियों पर चर्चा की।
फर्जी वोटरों को लेकर तत्काल दाखिल करें आपत्तियां: योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के हर कार्यकर्ता को इस समय सब काम छोड़कर केवल एसआईआर में जुटना चाहिए। कोई घुसपैठिया या अवैध वोटर मतदाता सूची में नहीं रहना चाहिए। यह तभी संभव है जब कार्यकर्ता सघनता से इस काम में लगें। एक-एक वोट की पड़ताल करें। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि आज से ही फर्जी वोटरों या विरोधी दलों द्वारा जो गलत गणना प्रपत्र भरवाए गए हैं, उन पर आपत्ति दाखिल करें। विपक्षी अपनी साजिश में कामयाब न हो जाएं, इसलिए सजग रहें। मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता नये वोट बनवाने के काम में पूरी ताकत से जुट जाएं। कोई सही वोटर छूटने न पाए और कोई गलत मतदाता सूची में शामिल नहीं होना चाहिए।
कोई कसर नहीं छोड़ेंगे: पंकज
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि एसआईआर को लेकर कोई कसर नहीं छोड़नी है। उन्होंने कहा कि इसे लेकर पूरे रणनीतिक ढंग से काम किया जाएगा। प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने एसआईआर को लेकर अब तक हुए काम, भविष्य की योजना के साथ ही अटल जयंती और वीर बाल दिवस के कार्यक्रमों की रूपरेखा बताई। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे। वहीं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलने पार्टी कार्यालय पहुंचे।
भाजपा की एसआईआर पर कार्यशाला आज
भाजपा द्वारा एसआईआर के काम में और तेजी लाने के लिए रविवार को प्रदेश स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया है। यह कार्यशाला सुबह 11 बजे से इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित होगी। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, राष्ट्रीय स्तर पर इस काम को देख रहे के. लक्ष्मण व राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह संबोधित करेंगे। कार्यशाला में सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष और जिला प्रभारी बुलाए गए हैं। वहीं शाम छह बजे से लोकभवन में पार्टी विधानमंडल दल की बैठक आयोजित की गई है। संचालन प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला ने किया।