एयर इंडिया प्लेन क्रैश: आगरा के पति-पत्नी जा रहे थे लंदन टूर पर, ऑखिरी बार हुई थी भाई से कॉल पर बात

Air India Plane Crash
आगरा। Air India Plane Crash: लंदन के लिए अहमदाबाद से उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट में गुरुवार दोपहर अकोला के दंपती सवार हुए थे। थोड़ी देर में ही विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दंपती निजी यात्रा पर लंदन जा रहे थे। दुर्घटना की जानारी होने पर गांव में परिवार के लोग चिंतित हो गए। देर शाम तक आधिकारिक रूप से उनकी हालत के बारे में स्वजन को जानकारी नहीं मिल सकी है। कुछ परिचितों के साथ दंपती की 15 वर्षीय बेटी एयरपोर्ट पर पहुंच गई है।
अकोला के रहने वाले नीरज लवानियां बड़ोदरा में एसी नेल्सन (अब नेल्सन आइक्यू) कंपनी में मैनेजर के पद कार्य कर रहे थे। वे वड़ोदरा की फेदर स्काई विलास कालोनी में परिवार के साथ रहते थे। गांव में रहने वाले उनके बड़े भाई सतीश लवानियां ने बताया कि नीरज 10 दिन की लंदन यात्रा पर गुरुवार को घर से निकले थे।
15 वर्षीय बेटी अर्पणा घर पर नानी के पास रह गई थी। सुबह नौ बजे नीरज ने टैक्सी में एयरपोर्ट जाते समय सतीश को कॉल करके जानकारी दी थी। इसके बाद उनसे संपर्क नहीं हो सका। तभी अहमदाबाद में लंदन की फ्लाइट के दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी मिली। हेल्प लाइन नंबर पर कॉल की गई तो वहां से उनके बारे में जानकारी नहीं मिल सकी।
एयरइंडिया द्वारा जारी की गई दुर्घटनाग्रस्त विमान में सवार यात्रियों की सूची में नीरज और उनकी पत्नी का नाम 38 और 39 नंबर सीट पर सवार होना बताया गया है। रिश्तेदारों के साथ बेटी अर्पणा भी एयरपोर्ट पर पहुंच गई। मगर, वहां से भी नीरज और उनकी पत्नी के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। बेटी और उनके कुछ रिश्तेदार एयरपोर्ट पर ही जानकारी लेने के लिए रुके हुए हैं।
उधर, गांव में नीरज के घर आसपास के लोगों के आने का क्रम चल रहा है। फतेहपुर सीकरी सांसद राजकुमार चाहर भी नीरज के घर पहुंचे और उनके भाई से मामले की जानकारी ली।