'पुतिन पागल हो गए हैं...' ट्रंप ने रूस के राष्ट्रपति को दे डाली बड़ी चेतावनी, कहा- पूरे यूक्रेन पर कब्जे की कोशिश की तो रूस का पतन तय

US President Trump Says Putin Has Gone Crazy Russia-Ukraine War
Trump Says Putin Gone Crazy: रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध थम नहीं रहा। लगातार दोनों देश एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं। वहीं रूस ने यूक्रेन पर हमले का रुख और कड़ा कर लिया है. रूस ने हाल ही में यूक्रेन की राजधानी कीव समेत अन्य क्षेत्रों में ताबड़तोड़ हमला किया है। इसमें कई आम लोगों की मौत हुई है। वहीं रूस के इस हमले के बाद आख़िरकार रूसी राष्ट्रपति पुतिन पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का गुस्सा फूट पड़ा है। ट्रंप ने भड़कते हुए पुतिन को बड़ी चेतावनी दे डाली है। ट्रंप ने पुतिन को 'पागल' तक कह दिया है।
ट्रंप ने कहा- पुतिन पागल हो गए हैं..
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ मेरे हमेशा से बहुत अच्छे संबंध रहे हैं, लेकिन उन्हें कुछ हो गया है, वे बिलकुल पागल हो गए हैं, वह बेवजह बहुत से लोगों को मार रहे हैं और मैं सिर्फ़ सैनिकों की बात नहीं कर रहा हूं। बिना किसी कारण के यूक्रेन के शहरों में मिसाइल और ड्रोन दागे जा रहे हैं। ट्रंप ने कड़े लहजे में कहा कि, पुतिन जो भी कर रहे हैं मुझे यह सब बिलकुल भी पसंद नहीं है, पुतिन बहुत से लोगों की जान ले रहे हैं। पता नहीं पुतिन को क्या हो गया है।
पूरे यूक्रेन पर कब्जा तो रूस का पतन तय
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि, रूसी राष्ट्रपति पुतिन को यूक्रेन का एक टुकड़ा नहीं बल्कि पूरा यूक्रेन चाहिए। वह पूरे युक्रेन पर कब्ज़ा करना चाहते हैं, वह केवल एक युक्रेनी क्षेत्र पर कब्ज़े से संतुष्ट नहीं होंगे और शायद यह सही साबित हो रहा है। ट्रंप ने चेतावनी दी और कहा कि, अगर पुतिन ने पूरे यूक्रेन पर कब्जा करने की कोशिश की तो इस कदम से रूस का पतन हो जाएगा। रूस बर्बाद हो जाएगा।
जेलेंस्की पर भी ट्रंप का हमला
रूस के राष्ट्रपति पुतिन के साथ-साथ ट्रंप ने यूक्रेन एक राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की पर हमला बोला है। ट्रंप ने कहा कि, राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की जिस तरह से बात करते हैं, उससे वह अपने देश का भला नहीं कर रहे हैं। उनके मुंह से निकलने वाली हर बात समस्या पैदा करती है, मुझे यह पसंद नहीं है, और बेहतर होगा कि इसे रोक दिया जाए। ट्रंप ने कहा कि, यह एक ऐसा युद्ध है जो अगर मैं राष्ट्रपति होता, तो कभी शुरू नहीं होता। यह ज़ेलेंस्की, पुतिन और बिडेन का युद्ध है, "ट्रम्प" का नहीं, मैं सिर्फ़ इस बदसूरत आग को बुझाने में मदद कर रहा हूं।
रूस-यूक्रेन का युद्ध रुकवा नहीं पा रहे ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की खीज तब और ज्यादा बढ़ रही है, जब वह लगातार प्रयास करके रूस-यूक्रेन का युद्ध रुकवा नहीं पा रहे हैं। ट्रंप का हर तरीका फेल हो रहा है। जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति बनने के दौरान ट्रंप ने ऐलान किया था कि, मेरे राष्ट्रपति बनते ही 24 घंटे में रूस-यूक्रेन का युद्ध रुकवा दिया जाएगा। लेकिन ट्रंप रूस और यूक्रेन में सीजफायर करवाने में कामयाब नहीं हो पाये। बल्कि दोनों देशों में युद्ध की आग और बढ़ती जा रही है।
फरवरी 2022 से शुरू हुआ रूस-यूक्रेन युद्ध
रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध को लगभग तीन साल हो गए हैं। फरवरी 2022 से शुरू हुए इस युद्ध में एक बड़ी संख्या में रूसी और यूक्रेन सैनिकों की मौत हो चुकी है और यह संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है। इसके अलावा इस युद्ध में दोनों तरफ से कई आम लोगों की जान भी जा चुकी है। बहराल रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध की स्थिति कहां जाकर खत्म होती है और आगे की तस्वीर कितनी भयावह और किस तरह की होगी? इस पर कुछ भी नहीं कहा जा सकता।