अमेरिका में 'एलियंस' हैं? राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 'एलियंस और UFO' के हर राज को खोलने का दिया आदेश, कहा- फाइलें जारी करें
US President Donald Trump Aliens UFO Files Breaking News
America on Aliens: 'एलियंस' को लेकर इस धरती के लोगों में जबरदस्त दिलचस्पी है। भारत में एलियंस पर फिल्म भी बनी थी। 2003 में आई ऋतिक रोशन की फिल्म 'कोई मिल गया' में एलियंस की उड़न तश्तरी धरती पर उतरते दिखाई गई। जिसमें 'जादू' को इन्सानों के बीच रहते दिखाया गया था। लेकिन क्या वास्तव में पृथ्वी के बाहर भी कोई ऐसी दुनिया है जहां जीवन है और वहां संभावित तौर से एलियंस जैसे प्राणी रह रहे हैं? साथ ही 'अमेरिका और एलियंस' का मामला क्या है? क्या अमेरिका के पास एलियंस मौजूद हैं या अमेरिका को एलियंस के बारे में जानकारी है? अब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस सबसे पर्दा उठाने जा रहे हैं।
दरअसल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार 19 फरवरी को कहा कि वे अपनी एजेंसियों को एलियंस और अनआइडेंटिफाइड फ्लाइंग ऑब्जेक्ट (UFO-उड़न तश्तरियों) से जुड़े सभी खुफिया सरकारी दस्तावेजों की पहचान करने और उन्हें जारी करने की प्रक्रिया शुरू करने का आदेश दे रहे हैं। उन्होंने इस मुद्दे में लोगों की गहरी दिलचस्पी का हवाला दिया और इस मामले को 'महत्वपूर्ण, बहुत जटिल, बहुत दिलचस्प और ज़रूरी' बताया। हालांकि उन्होंने यह साफ नहीं किया कि सरकारी दस्तावेज आम लोगों के लिए जारी किए जाएंगे या नहीं।
डोनाल्ड ट्रंप का सोशल मीडिया पोस्ट
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, ''लोगों की जबरदस्त रुचि और दिलचस्पी के आधार पर मैं मैं अमेरिका के युद्ध सचिव और दूसरे संबंधित विभागों और एजेंसियों को एलियंस और बाहरी जीवन, अनजान हवाई घटनाओं (UAP), और अनजान उड़ने वाली चीज़ों (UFOS) और बहुत जटिल लेकिन बेहद दिलचस्प और ज़रूरी मामलों से जुड़ी किसी भी और सभी दूसरी जानकारी के सभी सरकारी दस्तावेजों को पहचान कर उन्हें जारी करने की शुरुवात करने का निर्देश दे रहा हूं।'' उन्होंने कहा कि ''इन दस्तावेजों में महत्वपूर्ण विषयों से जुड़ी हर तरह की जानकारी शामिल होनी चाहिए।''
ओबामा के बयान के बाद हलचल तेज
अमेरिका के मौजूदा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का यह निर्देश तब सामने आया है, जब पिछले दिनों पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने एलियंस के बारे में बयान दिया था। उन्होंने अमेरिका के गुप्त एयर बेस एरिया 51 (Area 51) की बात की थी। इसके बादयह कौतूहल हो गया था कि क्या अमेरिकी सरकार ने नेवादा रेगिस्तान में स्थित अपने गुप्त एयर बेस एरिया 51 (Area 51) में एलियन छिपाकर रखे हैं? क्या सच में UFO होते हैं और अमेरिका सरकार को इसकी जानकारी है।
दरअसल पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने हाल ही में एक वायरल पॉडकास्ट में पूछा गया था कि 'एलियंस' वास्तव में हैं? इस पर ओबामा ने कहा था कि एलियंस असली हैं, लेकिन मैंने उन्हें नहीं देखा है और उन्हें एरिया 51 में नहीं रखा गया है। ओबामा ने यह भी कहा था कि एरिया 51 में कोई अंडरग्राउंड फैसिलिटी नहीं है। लेकिन अगर कोई बहुत बड़ी साजिश हो और उसे अमेरिका के राष्ट्रपति से भी छुपा कर रखा गया हो, तो वो बात अलग है। ओबामा के इस बयान के बाद ट्रंप ने बयान दिया और कहा कि ओबामा ने क्लासिफाइड जानकारी साझा की जो उन्हें नहीं करनी थी। उन्होंने पृथ्वी से बाहर जीवन के अस्तित्व को लेकर गोपनीय जानकारी उजागर की है।
ओबामा का वीडियो
ट्रंप का ओबामा पर बयान