रांची में मेडिकल छात्रा से दुष्कर्म मामले पर हंगामा, आरोपी पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार

रांची में मेडिकल छात्रा से दुष्कर्म मामले पर हंगामा, आरोपी पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार

Uproar over Medical Student Rape Case in Ranchi

Uproar over Medical Student Rape Case in Ranchi

रांची। राजधानी रांची में मेडिकल की छात्रा से दुष्कर्म की घटना के विरोध में बुधवार को छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। रिम्स डेंटल कालेज के छात्र-छात्राओं ने परिसर में प्रदर्शन कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की। इस बीच पुलिस ने मुख्य आरोपी दानिश को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर रांची लाकर पूछताछ शुरू कर दी है।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कॉलेज परिसर में नारेबाजी की और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए। छात्रों का कहना था कि राजधानी में पढ़ने वाली छात्राएं भी सुरक्षित नहीं हैं, जो चिंताजनक स्थिति को दर्शाता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की त्वरित सुनवाई कर आरोपियों को सख्त सजा दी जाए।

पुलिस के अनुसार, आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद बंगाल भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन सूचना मिलते ही पुलिस ने उसका पीछा कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे पहले स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद रांची लाया गया।

पीड़िता, जो जमशेदपुर की रहने वाली है और रांची में रहकर पढ़ाई कर रही थी, ने आरोप लगाया है कि एक जन्मदिन पार्टी के दौरान उसे खाने-पीने की चीजों में नशीला पदार्थ मिलाकर दिया गया। इसके बाद उसकी स्थिति का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।

घटना के बाद छात्रा की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे आर्किड अस्पताल में भर्ती कराया गया। डाक्टरों के अनुसार, उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। अस्पताल में ही छात्रा ने पुलिस को अपना बयान दर्ज कराया।

पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। घटना के समय दो अन्य युवकों की मौजूदगी की बात सामने आई।