3 अगस्त से शुरू होगा यूपी विधानमंडल का मानसून सत्र, राज्यपाल ने दी मंजूरी
- By Gaurav --
- Sunday, 26 Jul, 2026
UP Legislature Monsoon Session
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राज्य विधानमंडल (विधानसभा और विधान परिषद) का वर्ष 2026 का तीसरा सत्र 3 अगस्त से आहूत किया है। विधानसभा और विधान परिषद की कार्यवाही सोमवार को सुबह 11 बजे से शुरू होगी।
विधानसभा के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे ने बताया कि राज्यपाल ने 18वीं उत्तर प्रदेश विधानसभा का तीसरा सत्र 3 अगस्त से बुलाने की मंजूरी दी है। वहीं, विधान परिषद के प्रमुख सचिव डॉ. राजेश सिंह के अनुसार परिषद की बैठक भी उसी दिन सुबह 11 बजे से शुरू होगी।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हाल ही में हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में वर्ष 2026 के तीसरे विधानमंडल सत्र को बुलाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी।
इस सत्र के दौरान वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अनुपूरक बजट, अनुदान की अनुपूरक मांगें तथा अन्य महत्वपूर्ण विधायी कार्य सदन में प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके अलावा पिछले सत्र की समाप्ति के बाद जारी अध्यादेशों के स्थान पर विधेयक भी सदन में पेश किए जाएंगे और उन्हें पारित कराने पर विचार किया जाएगा।
वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने पहले ही स्पष्ट किया था कि सरकार संविधान के प्रावधानों के अनुरूप अनुपूरक अनुदान की मांगें विधानसभा और विधान परिषद में पेश करेगी। साथ ही अन्य आवश्यक सरकारी और विधायी कार्य भी इस सत्र के दौरान निपटाए जाएंगे।