‘मेरी योजना’ पुस्तक के ऑडियो संस्करण का अनावरण: मुख्यमंत्री धामी ने जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने पर दिया जोर
Unveiling of the audio version of the book ‘Meri Yojana
देहरादून। Unveiling of the audio version of the book ‘Meri Yojana, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग द्वारा तैयार की गई ‘मेरी योजना’ पुस्तक के ऑडियो क्लिप का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पुस्तक में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं को एक ही स्थान पर संकलित किया गया है, जिससे आम नागरिकों को योजनाओं की जानकारी आसानी से प्राप्त हो सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुस्तक में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं के साथ स्वरोजगार, कौशल विकास, शिक्षा और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़ी योजनाओं की पात्रता, लाभ तथा आवेदन प्रक्रिया को सरल भाषा में प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर नवाचार किए जाएं तथा शासनादेशों को भी आमजन की समझ के अनुरूप सरल भाषा में जारी किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न नीतियों और योजनाओं के माध्यम से उत्तराखंड को विशेष सहयोग मिला है, जिसके परिणामस्वरूप सड़क, रेल, हवाई संपर्क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की कार्यशैली के कारण प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है तथा प्रति व्यक्ति आय में निरंतर वृद्धि दर्ज की गई है। राज्य सरकार मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, महक क्रांति योजना, एरोमा वैली, मिशन एप्पल सहित विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं के माध्यम से युवाओं और महिलाओं के लिए स्वरोजगार एवं आजीविका के नए अवसर उपलब्ध करा रही है।
कार्यक्रम में सचिव कार्यक्रम क्रियान्वयन दीपक कुमार ने बताया कि ‘मेरी योजना’ पुस्तक का ऑडियो संस्करण आकाशवाणी सहित विभिन्न रेडियो स्टेशनों पर प्रसारित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभाग अब तक पुस्तक के चार संस्करण प्रकाशित कर चुका है और इसका डिजिटल संस्करण भी जारी किया जा चुका है ।इस अवसर पर महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।