Punjab Launches 'Mission Hariyali

पंजाब में 'मिशन हरियाली 2026' की शुरुआत, 9 लाख पौधे लगाए जाएंगे

haryali

Punjab Launches 'Mission Hariyali

संगरूर: पंजाब को अधिक हरित और पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने शनिवार को 'मिशन हरियाली 2026' का शुभारंभ किया। अपना पंजाब फाउंडेशन की ओर से शुरू किए गए इस अभियान के तहत पूरे राज्य में 9 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान की शुरुआत लहरागागा स्थित सीबा स्कूल में आयोजित विशेष समारोह के दौरान हुई।                                                            

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री ने विद्यार्थियों को पौधे वितरित किए और उन्हें अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल कर उन्हें पेड़ बनाना भी सभी की साझा जिम्मेदारी है।                                             

बरिंदर कुमार गोयल ने अपना पंजाब फाउंडेशन की सराहना करते हुए कहा कि पूरे राज्य में 9 लाख पौधों का व्यवस्थित रोपण और उनकी निगरानी का प्रयास अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देती हैं, बल्कि लोगों में प्रकृति के प्रति जागरूकता भी पैदा करती हैं।

उन्होंने सीबा स्कूल की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि यह संस्था विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी, पर्यावरण संरक्षण और जीवन मूल्यों से भी जोड़ रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि प्रत्येक छात्र कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल कर उसे वृक्ष बनाए।                                                    

समारोह के दौरान अपना पंजाब फाउंडेशन के संस्थापक सदस्य एवं सीबा स्कूल के प्रबंधक कंवलजीत सिंह ढींडसा ने बताया कि 'मिशन हरियाली 2026' के तहत राज्य के विभिन्न जिलों में व्यवस्थित ढंग से 9 लाख पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पौधे की नियमित निगरानी और देखभाल सुनिश्चित की जाएगी, ताकि अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित न रहकर सफल वृक्षारोपण अभियान बन सके।

कार्यक्रम के अंत में कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने सीबा स्कूल के हर्बल गार्डन में पौधा लगाकर अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया और सभी से पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।                                    

इस अवसर पर व्यापार सेल के जिला अध्यक्ष अरुण जिंदल, मार्केट कमेटी के चेयरमैन शीशपाल आनंद, स्कूल प्रबंधन, शिक्षक, बड़ी संख्या में विद्यार्थी तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।