चारधाम यात्रा 2026: आज से 'ग्रीन कार्ड' का श्रीगणेश; परिवहन मंत्री हरिद्वार में करेंगे उद्घाटन
Transport Minister to Inaugurate in Haridwar
हरादून। Transport Minister to Inaugurate in Haridwar, चारधाम यात्रा को लेकर परिवहन विभाग ने तैयारी पूरी कर ली है। आज से चारधाम मार्गों पर संचालित होने वाले व्यावसायिक यात्री वाहनों के ग्रीन कार्ड बनने शुरू हो जाएंगे। देहरादून की आशारोड़ी चेक पोस्ट, विकासनगर, ऋषिकेश, हरिद्वार व रुड़की एआरटीओ कार्यालय में ग्रीन कार्ड बनाए जाएंगे।
जबकि, 15 अप्रैल से रुड़की की नारसन चेक पोस्ट पर ग्रीन कार्ड बनाए जाएंगे। आरटीओ (प्रशासन) ने एआरटीओ (प्रशासन) को पारदर्शिता से ग्रीन कार्ड बनाने के निर्देश दिए हैं। वर्ष 2025 में तकरीबन 32,000 व्यावसायिक यात्री वाहनों के ग्रीन कार्ड बनाए गए थे।
अक्षय तृतीया पर्व पर 19 अप्रैल को यमुनोत्री व गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ चारधाम यात्रा शुरू हो जाएगी। 22 अप्रैल को केदारनाथ व 23 अप्रैल बदरीनाथ धाम के कपाट खोले जाने हैं। ऐसे में बाहरी राज्यों के वाहनों के प्रवेश से पहले स्थानीय वाहनों के ग्रीन कार्ड बनाए जाएंगे, ताकि स्थानीय वाहन चालकों को लाइन में लंबा इंतजार न करना पड़े।
वाहन चालकों को ग्रीन कार्ड बनाने के लिए वाहन साथ लाने होंगे। ग्रीन कार्ड तभी जारी किया जाएगा, जब वाहन के दस्तावेज पूरे होंगे। इसके अलावा वाहन का तकनीकी निरीक्षण भी किया जाएगा। यदि दस्तावेज में वाहन फिट और तकनीकी निरीक्षण में किसी तरह की कमी पाई जाती है तो वाहन के ग्रीन कार्ड बनाने पर रोक लगाई जाएगी।
जिन भी कार्यालय एवं चेक पोस्ट पर ग्रीन कार्ड बनाए जाएंगे, वहां तकनीकी टीम के साथ ही प्रशासन की विशेष टीम तैनात की गई है। प्रतिदिन बनने वाली ग्रीन कार्ड की जानकारी आरटीओ प्रशासन को उपलब्ध करानी होगी।
हरिद्वार में परिवहन मंत्री करेंगे उद्घाटन
आज हरिद्वार एआरटीओ कार्यालय में ग्रीन कार्ड काउंटर का परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा उद्घाटन करेंगे। परिवहन विभाग ने तैयारी पूरी कर दी है। आरटीओ प्रशासन की ओर से व्यावसायिक वाहन चालकों के लिए क्यूआर कोड और यूपीआई भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
ताकि ग्रीन कार्ड बनाने में पारदर्शिता के साथ धनराशि सीधे सरकारी कोष को प्राप्त हो सके। इसके साथ ही ग्रीन कार्ड बनने की सूचना दूरभाष नंबर पर मैसेज के जरिए उपलब्ध कराई जाएगी।
आज सोमवार से गढ़वाल संभाग के सभी कार्यालयों में ग्रीन कार्ड बनने शुरू हो जाएंगे। चालक को ग्रीन कार्ड बनाने के लिए वाहन को साथ में लाना होगा। वाहन का तकनीकी निरीक्षण भी किया जाएगा। किसी तरह की कमी पाए जाने पर ग्रीन कार्ड से वंचित किया जाएगा - संदीप सैनी, आरटीओ (प्रशासन), देहरादून