Bajpur News: एल बायो टेक कंपनी पर एसटीएफ का बड़ा छापा, संदिग्ध दवाएं और 100 पेटी शराब बरामद
Bajpur News: STF conducts major raid on L Bio Tech company
Bajpur News: STF conducts major raid on L Bio Tech company, उत्तराखंड पुलिस एसटीएफ, ड्रग विभाग, राजस्व विभाग एवं स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार देर रात सुल्तानपुर पट्टी दोराहा पुलिस चौकी क्षेत्र में हिमालयन फैक्ट्री के समीप स्थित एल बायो टेक कंपनी में छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की।
टीम ने मौके से लाखों रुपये मूल्य की संदिग्ध अंग्रेजी दवाएं तथा करीब 100 पेटी हरियाणा निर्मित शराब बरामद की है। पूरे गोदाम की गहन जांच जारी है और अधिकारियों का मानना है कि जांच में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
फैक्ट्री को कर दिया गया सील
जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात एसटीएफ, ड्रग विभाग और पुलिस की कई गाड़ियां अचानक हाईवे स्थित जियो पेट्रोल पंप के सामने हिमालयन फैक्ट्री के पास स्थित एल बायो टेक कंपनी पहुंचीं।
ड्रग इंस्पेक्टर की मौजूदगी में फैक्ट्री और गोदाम में रखी दवाओं की जांच की गई। प्रारंभिक जांच में बड़ी मात्रा में दवाएं संदिग्ध प्रतीत होने पर टीम ने उन्हें कब्जे में ले लिया तथा फैक्ट्री को सील कर दिया गया है।
इसके बाद गोदाम की तलाशी के दौरान करीब 100 पेटी हरियाणा निर्मित शराब भी बरामद हुई। इसके अलावा अन्य नशीले पदार्थों की भी जांच की जा रही है। संयुक्त टीम देर रात तक दस्तावेजों और स्टॉक का मिलान करने में जुटी रही।
कार्रवाई में एसटीएफ निरीक्षक विकास चौधरी, एसआई विपिन जोशी, एसआई के.जी. मठपाल, ड्रग इंस्पेक्टर नीरज कुमार, ड्रग इंस्पेक्टर निधि शर्मा, दोराहा पुलिस चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह सहित एसटीएफ, ड्रग विभाग, राजस्व विभाग एवं स्थानीय पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।
फिलहाल मामले में जांच जारी है। बरामद दवाओं और अन्य सामग्री की वास्तविक स्थिति तथा कानूनी कार्रवाई को लेकर संबंधित विभागों की आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार है।