Tragic Incident in Sanghamitra Express, Seven-Month-Old Infant Dies During Journey

संघमित्रा एक्सप्रेस में दर्दनाक घटना, इलाज के लिए ले जाई जा रही सात माह की बच्ची की मौत

undefined

Tragic Incident in Sanghamitra Express, Seven-Month-Old Infant Dies During Journey

पटना से बेंगलुरु जा रही संघमित्रा एक्सप्रेस में रविवार शाम एक बेहद दुखद घटना सामने आई, जब ट्रेन में सफर कर रही सात माह की मासूम बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ गई और इलाज से पहले ही उसकी मौत हो गई। बच्ची जन्म से ही हार्ट की गंभीर बीमारी से पीड़ित थी और परिजन उसे बेहतर इलाज व ऑपरेशन के लिए बेंगलुरु ले जा रहे थे।

जानकारी के अनुसार यात्रा के दौरान अचानक बच्ची की हालत गंभीर हो गई। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना रेलवे अधिकारियों को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संघमित्रा एक्सप्रेस को पांढुर्णा रेलवे स्टेशन पर आपात स्थिति में रोकने का निर्णय लिया। उल्लेखनीय है कि पांढुर्णा स्टेशन पर इस ट्रेन का नियमित ठहराव नहीं है।

ट्रेन के रुकते ही रेलवे कर्मचारियों और जीआरपी की मदद से बच्ची को तत्काल पांढुर्णा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही बच्ची की सांसें टूट चुकी थीं। डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

मृत बच्ची के पिता राजेश कुमार ने बताया कि उनकी बेटी हर्षिता जन्म से ही दिल की बीमारी से जूझ रही थी। स्थानीय चिकित्सकों की सलाह पर उसे बेंगलुरु के एक बड़े अस्पताल में दिखाने और ऑपरेशन के लिए ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही यह हादसा हो गया।

जीआरपी अधिकारी प्रकाश तिवारी ने बताया कि बच्ची अपने माता-पिता के साथ एसी कोच में यात्रा कर रही थी। सूचना मिलते ही रेलवे, जीआरपी और प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद की गई, लेकिन बच्ची की जान नहीं बचाई जा सकी।

गौरतलब है कि चार दिनों के भीतर ट्रेन यात्रा के दौरान मौत की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 5 फरवरी को जयपुर एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे राजस्थान के रेनवाल निवासी हरिलाल शर्मा की भी अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई थी। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने ट्रेन यात्राओं के दौरान चिकित्सा सुविधाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।