पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम, हिमाचल के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी और बारिश के आसार
- By Gaurav --
- Monday, 09 Feb, 2026
Western Disturbance to Change Weather in Himachal, Snowfall and Rain Likely in Higher Reaches
हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के सक्रिय होने से सोमवार से प्रदेश के मौसम में बदलाव के आसार हैं। मौसम विभाग ने राज्य के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी और निचले व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश की संभावना जताई है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में मौसम साफ बना हुआ था, लेकिन अब अगले दो दिनों के दौरान मौसम बिगड़ सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 9 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसका असर 9 और 10 फरवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में देखने को मिलेगा। विभाग का कहना है कि 10 फरवरी को इस सिस्टम का प्रभाव अधिक रहेगा। इसे लेकर कुछ स्थानों पर अंधड़, बिजली गिरने और तेज हवाओं की आशंका जताते हुए यैलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी, जबकि निचले और मध्य पर्वतीय इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 11 फरवरी से मौसम फिर साफ हो जाएगा और 11 से 14 फरवरी तक प्रदेश में शुष्क मौसम बना रहेगा।
रविवार को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहा और धूप खिलने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। ऊना में अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि राजधानी शिमला में यह 17.5 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि उच्च पर्वतीय और जनजातीय इलाकों में ठंड का असर अभी भी बरकरार है।
लाहौल-स्पीति और किन्नौर के कई क्षेत्रों में तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 13.4 और ताबो में माइनस 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य क्षेत्रों में भी रात के तापमान में भारी गिरावट बनी हुई है।
मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दो दिनों में बादल छाने और बारिश-बर्फबारी से तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड का असर और बढ़ेगा। हालांकि 11 फरवरी के बाद मौसम साफ होने पर दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी की संभावना है।