"कठपुतली सरकार और खाली सिलेंडर"—टीकाराम जूली का जोरदार हमला

"कठपुतली सरकार और खाली सिलेंडर"—टीकाराम जूली का जोरदार हमला

8g4ljucg_tika-ram-jully_625x300_16_July_24

Tikaram Juli Launches a Fierce Attack

Rajasthan News: Tikaram Juli Launches a Fierce Attack, राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने रविवार को केंद्र और राज्य सरकार पर मनमाने ढंग से काम करने तथा जनता की चिंताओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केंद्र के इशारे पर ‘कठपुतली' की तरह काम कर रही है. जूली ने अलवर में एलपीजी सिलेंडरों की कथित कमी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार दोनों ही जनता की समस्याओं को हल करने के बजाय ‘अपना खजाना भरने' में अधिक रुचि रखती हैं.

''गरीब परिवारों के लिए अपने घर चलाना बेहद कठिन हो गया है''

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ नारे लगाए और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला भी जलाया. जूली ने कहा, “एलपीजी की बढ़ती कीमतों और आपूर्ति की समस्याओं के कारण मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों के लिए अपने घर चलाना बेहद कठिन हो गया है.” उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के हालिया दावे पर सवाल उठाया कि एलपीजी उपलब्धता की स्थिति सामान्य हो गई है.

''कुप्रबंधन के कारण एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी बढ़ गई है''

जूली ने पूछा, “अगर स्थिति सामान्य है तो लोग अब भी गैस सिलेंडर के लिए लंबी कतारों में क्यों खड़े हैं?” उन्होंने भाजपा के ‘डबल इंजन सरकार' के दावे का जिक्र करते हुए कहा कि संकट के समय जनता को ऐसे शासन का कोई लाभ दिखाई नहीं दे रहा. जूली ने आरोप लगाया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की कीमत 60 रुपये बढ़ा दी गई है, जिससे आम घर प्रभावित हुए हैं, वहीं वाणिज्यिक सिलेंडरों की आपूर्ति भी बाधित हुई है. उन्होंने कहा, “इस कुप्रबंधन के कारण राज्यभर में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी बढ़ गई है लेकिन सरकार समस्या का समाधान करने के बजाय हाथ पर हाथ धरे बैठी है.”