Fraudsters Posed as Crime

क्राइम ब्रांच अधिकारी बनकर लोगों को ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश

pp

Fraudsters Posed as Crime

उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में भरथना थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने एक बड़े साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके सरगना समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह खुद को क्राइम ब्रांच, साइबर सेल या पुलिस अधिकारी बताकर लोगों को डराता था और उनसे ठगी करता था।

जानकारी देते हुए Brijesh Kumar Srivastava ने बताया कि आरोपी देशभर के लोगों को फोन कर स्वयं को पुलिस अधिकारी बताते थे। लोगों में भय पैदा करने के लिए वे मोबाइल पर पुलिस सायरन की आवाज भी सुनाते थे और दावा करते थे कि संबंधित व्यक्ति ने इंटरनेट पर अश्लील वीडियो देखी है, जिसके कारण उसके खिलाफ गंभीर मामला दर्ज होने वाला है।

गिरोह के सदस्य गिरफ्तारी और जेल भेजे जाने का डर दिखाकर लोगों से पैसे की मांग करते थे। भयभीत होकर कई लोग आरोपियों द्वारा बताए गए बैंक खातों और यूपीआई आईडी में रकम ट्रांसफर कर देते थे। इसके बाद आरोपी विभिन्न खातों के माध्यम से धनराशि निकालकर आपस में बांट लेते थे।

एसएसपी ने बताया कि साइबर सेल को प्राप्त शिकायतों के विश्लेषण के दौरान एक मोबाइल नंबर की लोकेशन भरथना क्षेत्र में मिली। इसके आधार पर थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने झिंदुआ पुल के निकट निर्माणाधीन बाईपास के पास छापेमारी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9 मोबाइल फोन, 15 सिम कार्ड, विभिन्न बैंकों के 5 एटीएम कार्ड और साइबर ठगी से अर्जित 28 हजार रुपये से अधिक की नकदी बरामद की है।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि पुलिस से बचने के लिए वे लगातार मोबाइल नंबर और सिम कार्ड बदलते रहते थे। अलग-अलग मोबाइल फोन और सिम कार्ड का इस्तेमाल कर वे विभिन्न राज्यों के लोगों को अपना निशाना बनाते थे।

पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, बैंक खातों और ठगी से जुड़े नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी कॉल से सतर्क रहें और किसी अज्ञात व्यक्ति के दबाव में आकर धनराशि ट्रांसफर न करें।