बिजली व्यवस्था पटरी पर लाने के लिए 1,552 कर्मचारियों की विशेष टीमें तैनात
- By Gaurav --
- Sunday, 14 Jun, 2026
13,277 Electricity Poles Damaged
हरियाणा के ऊर्जा मंत्री Anil Vij ने हाल ही में आए आंधी-तूफान से प्रभावित बिजली व्यवस्था का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति को युद्धस्तर पर बहाल किया जाए और उपभोक्ताओं को जल्द से जल्द राहत पहुंचाई जाए।
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि तेज आंधी और तूफान के कारण प्रदेशभर में कुल 13,277 बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त या उखड़ गए हैं। इनमें UHBVN के 2,791 और DHBVN के 10,486 खंभे शामिल हैं। इनकी मरम्मत और पुनर्स्थापना का कार्य तेजी से जारी है।
उन्होंने बताया कि बिजली आपूर्ति को शीघ्र सामान्य करने के लिए 1,552 कर्मचारियों और तकनीकी विशेषज्ञों की विशेष टीमें तैनात की गई हैं। इनमें यूएचबीवीएन के 620 और डीएचबीवीएन के 932 कर्मचारी शामिल हैं, जो दिन-रात फील्ड में रहकर बिजली लाइनों, ट्रांसफार्मरों और अन्य विद्युत ढांचे की मरम्मत में जुटे हुए हैं।
विज के अनुसार, तूफान के कारण प्रदेश के 233 गांवों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। इनमें यूएचबीवीएन क्षेत्र के 32 गांव और डीएचबीवीएन क्षेत्र के 201 गांव शामिल हैं। इसके अलावा कुल 842 फीडर प्रभावित हुए हैं, जिनमें यूएचबीवीएन के 458 और डीएचबीवीएन के 384 फीडर शामिल हैं।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार और ऊर्जा विभाग आमजन को बेहतर एवं निर्बाध बिजली सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मरम्मत कार्यों की लगातार निगरानी की जाए और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराए जाएं ताकि बिजली आपूर्ति बहाली में किसी प्रकार की देरी न हो।
उन्होंने विश्वास जताया कि विभाग की टीमों के लगातार प्रयासों से शेष प्रभावित क्षेत्रों में भी जल्द ही बिजली व्यवस्था पूरी तरह सामान्य कर दी जाएगी।