"लखीमपुर में बालिका से छेड़छाड़ के आरोपी की दुकान बुलडोजर से ध्वस्त"
The shop of the accused of molesting
-
आठ वर्षीय बालिका से छेड़छाड़ का मामला।
-
आरोपी और रिश्तेदार की दुकान बुलडोजर से ध्वस्त।
-
लखीमपुर में पहली बार ऐसी सख्त कार्रवाई।
पलियाकलां (लखीमपुर)। आठ वर्षीय बालिका के साथ छेड़छाड़ करने वाले दूसरे समुदाय के आरोपी व उसको प्रश्रय देने वाले उसके रिश्तेदार की दुकान को पुलिस व प्रशासन ने दो घंटे के भीतर बुलडोजर चलवा कर हटवा दिया। आनन फानन में की गई यह कार्रवाई यहां पर पहली बार हुई है। पहली बार ही किसी आरोपी व उसके संबंधी की दुकान को बुलडोजर लगा कर ध्वस्त किया गया है।
प्रशासन की यह कार्रवाई पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। नगर में सड़क के किनारे अतिक्रमण करके एक नाई का खोखा रखा गया था जिसमें सद्दाम नाम का युवक बाल काटने का काम करता था। सोमवार की शाम को पड़ोस की दुकान पर आई आठ वर्षीय बालिका को उसने फुसलाकर अपने पास बुला लिया और उसके नाजुक अंगों के साथ छेड़छाड़ की। बालिका ने अपनी मां को इसकी जानकारी दी तो उसने कोतवाली में तहरीर दे दी। आरोपी के दूसरे समुदाय का होने के कारण मामला पूरे शहर में आग की तरह फैल गया और ताने में सैकड़ों लोग जमा हो गए।
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया और उसका चालान भेज दिया। इधर सुबह मामले ने तूल पकड़ लिया और सैकड़ों लोगों की भीड़ संबंधित दुकान के सामने एकत्र होकर उसे हटाने की मांग करने लगी। भीड़ व उसमें बढ़ते आक्रोश को देखते हुए पुलिस व प्रशासन ने अतिक्रमण कर रखी गई दुकान को हटाने कानिर्णय लिया।
पहले तो उसे तोड़कर हटाने की कोशिश की गई पर जब सफलता नहीं मिली तो नगर पालिका से बुलडोजर मंगाया गया और बुलडोजर लगाकर आनन फानन में दुकान को हटवा दिया गया। इस तरह से किसी आरोपी व उसको शरण देने वाले के खिलाफ पुलिस व प्रशासन की बुलडोजर कार्रवाई क्षेत्र में पहली बार हुई है। इससे पहले किसी आरोपी के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई नहीं की गई थी।
लोगों में इस बात की चर्चा है कि पुलिस व प्रशासन ने सही समय पर सटीक निर्णय लेकर नगर का माहौल खराब होने से बचा लिया है। सीओ जितेंद्र कुमार परिहार ने बताया कि सड़क पर अतिक्रमण कर दुकान बनाई गई थी जिसे दबाव पडऩे पर उसके मालिक मुस्तफा ने स्वयं अपनी दुकान हटा ली है। बुलडोजर की बात पर उनका कहना था कि दुकान हटाने में समय लग रहा था इसलिए उसने जेसीबी मशीन का सहयोग लिया है।