राजस्थान के स्कूलों में नई पहल: दीवारों पर लगेगी शिक्षकों की फोटो और शैक्षणिक योग्यता
Teachers' Photographs and Educational
नई दिल्ली। राजस्थान के सरकारी स्कूलों की दीवारों पर शिक्षकों के फोटो के साथ उनके नाम, पद, शैक्षणिक योग्यता और पढ़ाए जाने वाले विषय लिखना अनिवार्य होगा। इस संबंध में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
जिस स्कूल में इन निर्देशों का पालन नहीं होगा, उसके प्रधानाचार्य के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इस माह के अंत तक इन निर्देश का पालना करना होगा। निर्देश में कहा गया है कि जिला शिक्षा अधिकारियों को नियमित रूप से सरकारी स्कूलों का निरीक्षण करना होगा। वे स्कूलों में अध्यापन कार्य की समीक्षा करने के साथ ही पानी, बिजली व अन्य व्यवस्था भी देखेंगे।
मिलेगी सारी जानकारी
शिक्षा निदेशक के अनुसार, शिक्षकों के फोटो सहित उनसे संबंधित विवरण सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने से पारदर्शिता बढ़ेगी। अभिभावकों को यह भी जानकारी मिल सकेगी कि किस विषय को कौन शिक्षक पढ़ाता है, संबंधित स्कूल में शिक्षकों समेत अन्य कर्मचारियों के कितने पद स्वीकृत हैं और उनमें से कितने कार्यरत हैं।