पुलिसकर्मियों की सोशल मीडिया रील्स पर सख्ती, इंटरनेट मीडिया नीति के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
Strict Action Against Police Personnel Over Social Media Reels
लखनऊ। Strict Action Against Police Personnel Over Social Media Reels, अब रील (वीडियो) बनाकर इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट करने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस मुख्यालय ने इस संदर्भ में सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं कि इंटरनेट मीडिया पर रील पोस्ट करने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई कर उसकी सूचना पुलिस मुख्यालय को भेजी जाए।
एडीजी कानून एवं व्यवस्था अमिताभ यश द्वारा सभी पुलिस अधिकारियों को भेजे गए पत्र में इस संदर्भ में स्पष्ट किया गया है कि डीजीपी ने वर्ष 2023 में पुलिसकर्मियों के लिए इंटरनेट मीडिया नीति तैयार की थी। इस नीति का पालन करने की जिम्मेदारी सभी पुलिस कर्मियों की है।
इसके बाद भी कई मामले संज्ञान में आ रहे हैं जिनमें पुलिस कर्मियों द्वारा इंटरनेट मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्मों पर वीडियो, रील व अन्य आपत्तिजनक पोस्ट अपलोड किए जा रहे हैं। इससे पुलिस की छवि धूमिल हो रही है।
उन्होंने सभी संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इंटरनेट मीडिया पर वीडियो, रील व अन्य आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने वाले पुलिसकर्मियों को चिह्नित कर तत्काल उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
इसके लिए निर्धारित प्रोफार्मा पर कार्रवाई की जानकारी भरकर पुलिस मुख्यालय को सूचित करने के भी निर्देश उन्होंने दिए हैं। साथ ही संबंधित सामग्री भी सुरक्षित रखने को कहा है।
गौरतलब है कि हाल ही में पुलिस में काफी संख्या में सिपाहियों व अन्य पदों पर भर्ती हुई है। पिछले दिनों इंटरनेट मीडिया पर इनमें से कई पुलिसकर्मियों के आपत्तिजनक वीडियो व रील के मामले सामने आए हैं।