केदारनाथ धाम में शुरू हुआ अत्याधुनिक 40 बेड अस्पताल, श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा
रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को श्री केदारनाथ धाम में 40 बेड की क्षमता वाले अत्याधुनिक अस्पताल का लोकार्पण किया।
भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड की ओर से निर्मित इस अस्पताल का संचालन स्वामी विवेकानन्द हेल्थ मिशन सोसाइटी करेगी। अस्पताल के शुरू होने से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार केदारनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि उच्च हिमालयी क्षेत्र की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त अस्पताल का संचालन स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन द्वारा केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।
यात्रा मार्ग पर चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, स्वास्थ्य जांच केंद्रों, ऑक्सीजन सुविधाओं और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “स्वस्थ उत्तराखंड, समृद्ध उत्तराखंड” के संकल्प को साकार करने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुधार की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि आयुष्मान योजना के अंतर्गत प्रदेश में अब तक लगभग 61 लाख आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से लाखों मरीजों को निशुल्क उपचार का लाभ मिल रहा है। साथ ही प्रदेश के प्रत्येक जनपद में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बाबा केदार के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि केदारनाथ धाम केवल आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि सेवा और मानवता का प्रतीक भी है।
कार्यक्रम में आशा नौटियाल ने कहा कि 40 बेड का यह अस्पताल सेवा, समर्पण और जनकल्याण का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो भविष्य में लाखों श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होगा।
इस अवसर पर भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय खन्ना, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह-सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल, अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी, विश्व हिंदू परिषद के संरक्षक दिनेश चंद्र, बदरी-केदार मंदिर समिति अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, उपाध्यक्ष विजय कप्रवान तथा श्री केदार सभा के महामंत्री राजेंद्र प्रसाद तिवारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।