पंजाब में खेल सही ट्रैक पर: खेल बजट में 52 फीसदी की बढ़ोतरी, 'खेडां वतन पंजाब दीयां' का बड़े स्तर पर आयोजन,बनाई जा रही है नई खेल नीति

पंजाब में खेल सही ट्रैक पर: खेल बजट में 52 फीसदी की बढ़ोतरी, 'खेडां वतन पंजाब दीयां' का बड़े स्तर पर आयोजन,बनाई जा रही है नई खेल नीति

पंजाब में खेल सही ट्रैक पर

पंजाब में खेल सही ट्रैक पर: खेल बजट में 52 फीसदी की बढ़ोतरी, 'खेडां वतन पंजाब दीयां' का बड़े स्तर पर

नई खेल नीति में योग्य खिलाड़ियों को नौकरियां देने पर होगा विशेष ध्यान

 चंडीगढ़: 23 अगस्त

पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार बनने के बाद से राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के लिए तीन बड़े कदम उठाए गए हैं। भगवंत मान के नेतृत्व वाली आप सरकार ने अपने पहले बजट में खेलों के लिए बजट आवंटन में 52 फीसदी की वृद्धि की है।

खेल मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने जानकारी देते हुए बताया कि,"खिलाड़ियों के पास पिछले छह वर्षों में फण्ड की भारी कमी के कारण उचित उपकरण और बुनियाद सुविधाओं की कमी थी। इन सब के पीछे पिछली सरकारों की खेलों को लेकर अनदेखी और प्राथमिकता न देना बड़ा कारण रहा है।"

वहीं दूसरा कदम खेल विभाग की नई पहल 'खेडां वतन पंजाब दियां' है और तीसरी पहल  नई खेल नीति को विकसित करना है जो योग्य खिलाड़ियों के लिए नौकरियों पर ध्यान केंद्रित करेगी।
 
पंजाब में इस प्रकार के अनूठे कार्यक्रम की शुरुवात 29 अगस्त को होगी जोकि दो महीने तक चलेगा। 29 अगस्त हॉकी के दिग्गज मेजर ध्यानचंद की जयंती है और इसे राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान इस आयोजन की तैयारियो का बारीकी से निरीक्षण कर रहे हैं। वे जालंधर में कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे।

खेलों के दो मुख्य उद्देश्य हैं। एक पंजाब में स्वस्थ, खेल का माहौल बनाने के लिए जो युवाओं को अपनी ऊर्जा को खेलों में लगाने और ड्रग्स से दूर करने के लिए प्रेरित करेगा।  दूसरा, प्रतिभाओं को पहचानना और उन्हें प्रोत्साहित करना।

तीन स्तर पर खेले जाएंगे खेल: ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर। ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिताएं 1 से 7 सितंबर तक होंगी। जिला स्तर के खेल 12 सितंबर से 22 सितंबर के बीच खेले जाएंगे और राज्य स्तर के कार्यक्रम 10 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक होंगे।

30 से अधिक खेल ' खेडां वतन पंजाब दियां' का हिस्सा होंगे, जहां ब्लॉक स्तर में वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, फुटबॉल, कबड्डी और खो-खो जैसे खेल शामिल होंगे।  जिला स्तर पर हैंडबॉल, सॉफ्टबॉल, जूडो, रोलर स्केटिंग, गतका, किक-बॉक्सिंग, हॉकी, नेटबॉल, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, पावर लिफ्टिंग, लॉन टेनिस, कुश्ती, तैराकी, मुक्केबाजी, टेबल टेनिस और भारोत्तोलन की प्रतियोगिताओं को भी शामिल किया जाएगा।  राज्य स्तर पर तीरंदाजी, निशानेबाजी, शतरंज, रोइंग, जिम्नास्टिक, तलवारबाजी और पावर लिफ्टिंग की प्रतियोगिताएं होंगी।

 नए और युवा खिलाड़ियों के लिए, अंडर -14, अंडर -17 और अंडर -21 वर्ग में प्रतियोगिता करवाई जाएगी। 21 से 40 आयु वर्ग को मास्टर्स श्रेणी रखा गया है जिसमें विभिन्न खेलों के पहले से ही उत्कृष्ट खिलाड़ी शामिल होंगे जबकि 40 से 50 और 50 से अधिक आयु के खिलाड़ी वेटरन्स श्रेणी में होंगे। खिलाड़ियों  की आयु को 1 जनवरी, 2022 के आधार पर तय किया जाएगा।

खिलाड़ी 'खेडां वतन पंजाब दियां' में भाग लेने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन रेजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। ऑनलाइन प्रवेश के लिए एक वेब पोर्टल www.punjabkhedmela2022.in शुरू किया गया है और ऑफलाइन प्रवेश के लिए खिलाड़ी जिला खेल कार्यालयों में जाकर रेजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। रेजिस्ट्रेशन 25 अगस्त तक खुला रहेगा। खेल मंत्री ने जिला खेल प्रशासन को  गांवों,स्कूलों और पंचायतों के खेल मैदानों के माध्यम से खिलाड़ियों तक पहुंचने का भी निर्देश दिए हैं, ताकि अधिक से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

खेल मंत्री मीत हेयर के अनुसार इस आयोजन में 5 लाख से अधिक खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना ही। खिलाड़ियों को ग्रेडिंग के साथ भागीदारी प्रमाण पत्र भी मिलेगा। राज्य स्तरीय विजेताओं को 5 करोड़ से अधिक के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।