किलियन एमबाप्पे के तूफान में उड़ा स्वीडन, लियोनेल मेसी के रिकॉर्ड को खतरा, प्री क्वार्टर में पहुंची फ्रांस की सेना
FIFA World Cup 2026
FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप के राउंड ऑफ 32 में नॉर्वे बनाम आइवरी कोस्ट, फ्रांस बनाम स्वीडन और मैक्सिको बनाम इक्वाडोर का मैच उम्मीदों के अनुसार एक तरफा रहा. वही टीम मैच जीतने में सफल रही जिसके जीतने की उम्मीद थी.
नॉर्वे ने आइवरी कोस्ट को हाराय
डलास स्टेडियम में खेले गए मैच में अर्लिंग हालैंड ने 86वें मिनट में गोल करके नॉर्वे को आइवरी कोस्ट के खिलाफ 2-1 से जीत दिला दी. इस जीत के साथ ही नॉर्वे टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार FIFA वर्ल्ड कप के राउंड ऑफ 16 में जगह बना ली.
मैच में एंटोनियो नुसा ने एक शानदार कर्लिंग शॉट से नॉर्वे को बढ़त दिलाई, लेकिन अमाद डियालो ने उससे भी बेहतर गोल करके अपनी टीम आइवरी कोस्ट को बराबरी पर ला खड़ा किया. आखिरकार 86वें मिनट में हालैंड ने 2026 वर्ल्ड कप का अपना पांचवां गोल किया और नॉर्वे को अगले दौर में पहुंचाया. जहां अब उनका राउंड ऑफ 16 में मुकाबला पांच बार की चैंपियन ब्राजील के साथ होगा.
फ्रांस ने स्वीडन को हराया
फ्रांस के स्टार खिलाड़ी एम्बाप्पे ने एक बार फिर अपना शानदार खेल दिखाया और दो गोल किए, जिससे फ्रांस ने स्वीडन को 3-0 से हराकर राउंड ऑफ 16 में जगह बना ली. मैच में ब्रैडली बारकोला ने भी गोल किया और फ्रांस की टीम ने FIFA वर्ल्ड कप 2026 में अपनी शानदार शुरुआत जारी रखी.
इसके साथ वर्ल्ड कप के इतिहास में, फ्रांस लगातार पांच मैच में कम से कम तीन गोल करने वाला पहला देश बन गया है. फ्रांस अब सातवीं बार (1986, 1998, 2006, 2014, 2018, 2022 के बाद) राउंड ऑफ 16 में खेलेगा. जहां उसका मुकाबला 5 जुलाई को पैराग्वे से होगा.
एम्बाप्पे ने किया कमाल
एम्बाप्पे ने मैच में दो गोल किए, जिसके साथ वो FIFA वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल करने वालों की लिस्ट में दूसरे स्थान पर आ गए हैं. वर्ल्ड कप में उनके गोलों की संख्या 18 हो गई है. अब वे लियोनेल मेसी से सिर्फ एक गोल पीछे हैं. आने वाले दिनों में इन दोनों टॉप खिलाड़ियों के बीच और बदलाव होने की पूरी संभावना है.
मैक्सिको ने इक्वाडोर को हराया
जूलियन क्विनोन्स और राउल जिमेनेज के गोल की मदद से मेजबान मैक्सिको ने वर्ल्ड कप के राउंड ऑफ 32 मुकाबले में इक्वाडोर को 2-0 से हराया. मैक्सिको अब तक टूर्नामेंट में अजेय रहा है और अगले दौर में उसका मुकाबला इंग्लैंड और डीआर कांगो के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा. इक्वाडोर के लिए मैच का अंत भी निराशाजनक रहा. स्टॉपेज टाइम के पांचवें मिनट में उनके खिलाड़ी पिएरो हिंकापी को रेड कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर भेज दिया गया. क्योंकि वो विपक्षी खिलाड़ी के साथ बहस के दौरान अपना मुंह ढांप लिया था, जो कि नए नियमों के तहत करना सख्त मना है.
मेक्सिको का 40 साल का सूखा खत्म
मेक्सिको 1986 के बाद पहली बार राउंड ऑफ 16 में पहुंचा है. उन्हें नॉकआउट में एक भी जीत दर्ज करने के लिए 40 साल तक इंतजार करना पड़ा. 1994 और 2018 के बीच टीम को लगातार सात बार राउंड ऑफ 16 से बाहर होना पड़ा.