BCCI President Post: Sourav Ganguly जल्द छोड़ सकते हैं अध्यक्ष का पद, यह ख़ास व्यक्ति है पद का उम्मीदवार

BCCI President Post: Sourav Ganguly जल्द छोड़ सकते हैं अध्यक्ष का पद, यह ख़ास व्यक्ति है पद का उम्मीदवार

BCCI President Post

BCCI President Post

नई दिल्ली। BCCI President Post: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआइ) के दिग्गजों की दो अहम बैठकें गुरुवार को दिल्ली में हुईं। इसमें बीसीसीआइ अध्यक्ष सौरव गांगुली, सचिव जय शाह, उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, पूर्व अध्यक्ष एन. श्रीनिवासन, कोषाध्यक्ष अरुण सिंह धूमल ने भाग लिया। पहली बैठक एक होटल में हुई, जबकि दूसरी बैठक भाजपा के एक दिग्गज मंत्री के घर पर हुई। इस बैठक में तय हुआ कि सौरव गांगुली अगला चुनाव नहीं लड़ेंगे, जबकि जय शाह फिर से सचिव पद का चुनाव लड़ सकते हैं।

कनार्टक से आने वाले 1983 विश्व कप चैंपियन टीम के सदस्य रोजर बिन्नी और कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला में से एक अध्यक्ष और एक आइपीएल चेयरमैन बन सकता है। वर्तमान कोषाध्यक्ष और केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के भाई अरुण दोबारा इसी पद पर नामांकन करेंगे।

अन्य पदों के लिए दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली के पुत्र रोहन जेटली, ओडिशा क्रिकेट संघ से आने वाले संजय बेहरा, हरियाणा क्रिकेट संघ से आने वाले अनिरुद्ध चौधरी के नामों पर चर्चा हुई। वर्तमान संयुक्त सचिव जयेश जार्ज और आइपीएल चेयरमैन बृजेश पटेल भी अगला चुनाव नहीं लड़ेंगे।

बीसीसीआइ का चुनाव का 18 अक्टूबर को मुंबई में होगा। 11 और 12 अक्टूबर को नामांकन होगा। 13 अक्टूबर को आवेदन की जांच की जाएगी। 14 तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकता है। इसके बाद सही नामांकन करने वालों की लिस्ट 15 अक्टूबर को जारी की जाएगी।