दूल्हे की कार से टक्कर में घायल एसआई की मौत, पुलिस विभाग में शोक

दूल्हे की कार से टक्कर में घायल एसआई की मौत, पुलिस विभाग में शोक

SI Injured in Collision with Groom Car Dies

SI Injured in Collision with Groom's Car Dies

आरा। SI Injured in Collision with Groom's Car Dies, भोजपुर जिले के तरारी थाना क्षेत्र के विपिनडीह गांव के समीप अनियंत्रित दूल्हे की कार की टक्कर से घायल एक SI की मौत हो गई। शुक्रवार को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, मृतक बड़हरा थाना क्षेत्र के लौहर फरना गांव निवासी विजय कुमार राम (58 वर्षीय) थे। वे बिहार पुलिस में एसआई के पद पर कार्यरत थे और वर्तमान में तरारी थाना में पदस्थापित थे।

ड्यूटी के दौरान हुआ था एक्सीडेंट

बताया जाता है कि बुधवार की दोपहर वह विपिनडीह गांव से केस अनुसंधान कर बाइक से तरारी लौट रहे थे। इसी दौरान सेदाह-तरारी मार्ग पर विपिनडीह गांव के समीप एक अनियंत्रित दूल्हे की कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका पैर टूट गया।

घटना के बाद पुलिस की मदद से उन्हें पहले तरारी पीएचसी ले जाया गया था, जहां से बेहतर इलाज के लिए आरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां प्लास्टर कराने के बाद वह घर लौट गए थे।

अचानक बिगड़ी तबीयत 

शुक्रवार की दोपहर अचानक पेट फूलने की शिकायत होने पर स्वजन उन्हें आनन-फानन में आरा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया।

विजय कुमार राम ने 23 फरवरी 1993 को बिहार पुलिस में योगदान दिया था और वर्ष 2027 में सेवानिवृत्त होने वाले थे। उनके परिवार में पत्नी कौशल्या देवी, तीन पुत्रियां—सरिता कुमारी, प्रियंका कुमारी, स्नेहा कुमारी तथा दो पुत्र राकेश कुमार और विकास कुमार हैं। पत्नी कौशल्या देवी समेत परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।