हरियाणा में कड़ाके की ठंड, घना कोहरा और शीतलहर का अलर्ट
- By Gaurav --
- Monday, 12 Jan, 2026
Severe cold, dense fog and cold wave alert in Haryana
हरियाणा में आज सुबह कड़ाके की ठंड के साथ घनी धुंध छाई रही। कई जिलों में हालात इतने गंभीर रहे कि विजिबिलिटी 0 से 50 मीटर तक सिमट गई।
India Meteorological Department (IMD) ने प्रदेश में शीतलहर और घने कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है।
आज कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, जींद, भिवानी, रेवाड़ी, झज्जर, फतेहाबाद और महेंद्रगढ़ में सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिला। ठंड के कारण कई जगहों पर फसलों और पानी की पाइपों पर पाला जम गया, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
मौसम विभाग के अनुसार ठंड का असर अब केवल रात तक सीमित नहीं है, बल्कि दिन में भी लोगों को हाड़ कंपा देने वाली ठंड का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश में धुंध और शीतलहर का प्रकोप 14 जनवरी तक जारी रहने की संभावना है।
15 जनवरी से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग ने बताया कि 15 जनवरी से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके चलते हरियाणा में बादल छाए रहेंगे। हालांकि ठंड से तुरंत बड़ी राहत मिलने की संभावना कम है।
लोगों के लिए चेतावनी
IMD ने इम्पैक्ट बेस्ड फोरकास्ट के जरिए चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि घने कोहरे के कारण:
-
सड़कों पर दृश्यता बेहद कम रहेगी
-
यातायात और विमान सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं
-
लंबे समय तक ठंड के संपर्क में रहने से फ्लू, नाक बहना और फ्रॉस्ट बाइट जैसी समस्याएं हो सकती हैं
लोगों को सलाह दी गई है कि सुबह और देर रात अनावश्यक यात्रा से बचें, वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।