पंचकूला में क्लब के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, दो युवक गंभीर रूप से घायल

Indiscriminate Firing Outside Club in Panchkula

Indiscriminate Firing Outside Club in Panchkula

पंचकूला। Indiscriminate Firing Outside Club in Panchkula, सेक्टर-5 स्थित एक क्लब के बाहर बुधवार देर रात बदमाशों ने दो युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर सनसनी फैला दी। हमलावरों ने करीब 12 से 15 राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और वहां दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात करीब एक बजे सेक्टर-5 स्थित क्लब से रतन लुबाना और ललित (निवासी एमडीसी) बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे कुछ हमलावरों ने उन पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जान बचाने के लिए दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन हमलावर लगातार गोलियां चलाते रहे।

घटनास्थल पर करीब 12 से 15 राउंड फायर किए गए

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटनास्थल पर करीब 12 से 15 राउंड फायर किए गए। फायरिंग की आवाज से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि रतन लुबाना के पेट में गोली लगी है, जबकि ललित के कंधे में गोली लगी। दोनों को तुरंत उपचार के लिए सेक्टर-6 के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-5 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

हमलावरों की पहचान में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान और वारदात के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश सहित अन्य संभावित कारणों को भी खंगाला जा रहा है। जल्द ही आरोपितों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।