SDO, Two Junior Engineers Suspended

एमसीएच परियोजना में निर्माण गुणवत्ता पर कार्रवाई, एसडीओ समेत तीन अभियंता निलंबित

undefined

SDO, Two Junior Engineers Suspended

नागरिक अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र (एमसीएच) परियोजना में निर्माण गुणवत्ता से जुड़ी गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने सख्त कार्रवाई की है। विभाग ने लापरवाही के आरोप में एक उपमंडल अभियंता (एसडीओ) और दो कनिष्ठ अभियंताओं (जेई) को निलंबित कर दिया है।

विभागीय आदेशों के अनुसार एसडीओ दिलबाग मेहरा, जेई दीपक मलिक और जेई सचिन को निलंबित कर मुख्यालय से संबद्ध किया गया है। यह कार्रवाई इंजीनियर-इन-चीफ कार्यालय के निर्देश पर की गई है।

करीब 138.12 करोड़ रुपये की लागत से नागरिक अस्पताल में सात मंजिला अत्याधुनिक मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण कार्य के दौरान सामग्री की गुणवत्ता को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई।

शिकायतों के आधार पर क्वालिटी एश्योरेंस अथॉरिटी की राज्य स्तरीय टीम ने मार्च में निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान भवन की नींव और कॉलम निर्माण में तकनीकी मानकों की अनदेखी पाए जाने के साथ-साथ कंक्रीट निर्माण प्रक्रिया, निर्माण सामग्री के उपयोग और सुरक्षा मानकों में भी कई खामियां दर्ज की गईं।

निर्माण सामग्री के नमूनों की प्रयोगशाला जांच के बाद 14 मई को सरकार को सौंपी गई रिपोर्ट में गुणवत्ता संबंधी गंभीर कमियों की पुष्टि हुई। इसके बाद विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई और 26 मई को तीनों अभियंताओं के निलंबन आदेश जारी कर दिए गए।

सूत्रों के अनुसार इस कार्रवाई का सबसे अधिक प्रभाव एसडीओ दिलबाग मेहरा पर पड़ा है, क्योंकि वह अगस्त के अंत में सेवानिवृत्त होने वाले हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने सेवा विस्तार के लिए भी आवेदन किया था। विभाग मामले की आगे की जांच कर रहा है।