अर्नव बंसल के तूफानी शतक से चंडीगढ़ किंग्स की 120 रन की शानदार जीत

अर्नव बंसल के तूफानी शतक से चंडीगढ़ किंग्स की 120 रन की शानदार जीत

1000244329

Chandigarh Kings secure a magnificent 120-run victory

पंचकूला । अर्नव बंसल के विस्फोटक शतक की बदौलत चंडीगढ़ किंग्स ने ओमैक्स चंडीगढ़ प्रीमियर लीग में कैपिटल स्ट्राइकर्स को 120 रन के बड़े अंतर से हराकर शानदार जीत दर्ज की। यह मुकाबला शुक्रवार को ताऊ देवी लाल स्टेडियम, पंचकूला में खेला गया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए चंडीगढ़ किंग्स ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 238 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से अर्नव बंसल ने मात्र 54 गेंदों में नाबाद 102 रन की धमाकेदार पारी खेली। उनकी पारी में 11 छक्के और 2 चौके शामिल रहे। उन्हें हरीश कुमार का शानदार साथ मिला, जिन्होंने केवल 17 गेंदों में नाबाद 54 रन बनाए। कप्तान शिवम भांबरी ने 20 गेंदों में 36 रन जबकि भगमेंदर लाठर ने 17 रन का योगदान दिया।

239 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैपिटल स्ट्राइकर्स की टीम चंडीगढ़ किंग्स के गेंदबाजों के सामने संघर्ष करती नजर आई और 20 ओवर में 8 विकेट पर 118 रन ही बना सकी। जस्किरत सिंह मेहरा ने नाबाद 48 रन बनाकर संघर्ष किया। गेंदबाजी में भगमेंदर लाठर ने 16 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि रोहित धांडा ने 2 विकेट हासिल किए।

इससे पहले गुरुवार रात खेले गए मुकाबले में ट्राइसिटी बैशर्स ने रॉयल टाइटंस को 11 रन से पराजित किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए ट्राइसिटी बैशर्स ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 192 रन बनाए। सन्यम सैनी ने 44 गेंदों में 60 रन की शानदार पारी खेली, जबकि तुषार जोशी ने मात्र 12 गेंदों में 33 रन और तरनप्रीत सिंह ने 27 रन का योगदान दिया।

जवाब में रॉयल टाइटंस की ओर से अमृत लाल लुबाना ने 62 और मृदुल चावला ने 36 रन बनाए, लेकिन टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 181 रन ही बना सकी। ट्राइसिटी बैशर्स की ओर से गगनप्रीत सिंह ने 25 रन देकर 3 विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई।