India Telegram Ban: भारत में टेलीग्राम पर बैन लगा रहेगा; दिल्ली हाईकोर्ट ने सरकार के आदेश को बरकरार रखा

भारत में Telegram पर बैन लगा रहेगा; दिल्ली हाईकोर्ट ने सरकार के आदेश को बरकरार रखा, मैसेजिंग प्लेटफॉर्म की याचिका खारिज

Delhi High Court Dismissed Telegram Petition For Lift Ban on Platform

Delhi High Court Dismissed Telegram Petition For Lift Ban on Platform

India Telegram Ban: NEET-UG 2026 री-एग्जाम के चलते टेलीग्राम प्लेटफॉर्म पर लगाया गया अस्थायी बैन बना रहेगा। दिल्ली हाईकोर्ट ने शुक्रवार (19 जून) को सुनवाई करते हुए टेलीग्राम पर 22 जून तक लगे बैन को हटाने से इनकार कर दिया और सरकार के आदेश को बरकरार रखा। हाईकोर्ट के इस फैसले से Telegram को बड़ा झटका लगा है। टेलीग्राम ने सरकार के आदेश को पलटने की याचिका दाखिल की थी। लेकिन मैसेजिंग प्लेटफॉर्म को कोई राहत नहीं दी गई। जस्टिस तेजस कारिया की एकल पीठ ने इस मामले की सुनवाई की।

Telegram की दलील- सभी यूजर्स प्रभावित हो रहे

दरअसल टेलीग्राम ने अस्थायी बैन लगाने के भारत सरकार के फैसले के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया था और सरकार के आदेश को चुनौती थी। टेलीग्राम की ओर से याचिका लगाते हुए कहा गया था कि मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर बैन लगाए जाने से उपयोगकर्ता प्रभावित हो रहे हैं। टेलीग्राम का तर्क था कि कुछ शरारती तत्वों की आशंका के चलते लगभग 15 करोड़ यूजर्स को प्रभावित नहीं किया जा सकता। वहीं सरकार ने दलील दी कि टेलीग्राम पेपर लीक से संबन्धित अपराधियों का पसंदीदा प्लेटफॉर्म बना हुआ है।

कांग्रेस ने कहा- परमानेंट सॉल्यूशन होना चाहिए

NEET री-एग्जाम के मद्देनजर केंद्र के टेम्पररी बैन को चुनौती देने वाली टेलीग्राम की याचिका को दिल्ली हाई कोर्ट द्वारा खारिज किए जाने पर, दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा, "मेरा मानना ​​है कि अगर कोई मुद्दा है, तो उसका कोई परमानेंट सॉल्यूशन होना चाहिए। सरकार को इसके लिए जो भी कानूनी कदम उठाने की ज़रूरत है, वे उठाएं। लेकिन युवाओं की बेरोज़गारी और महंगाई से राहत मिलनी चाहिए, जिससे देश जूझ रहा है।"

22 जून तक Telegram नहीं कर सकेंगे एक्सेस

आपको ज्ञात रहे कि पेपर लीक होने के बाद देश में NEET-UG 2026 की दोबारा परीक्षा 21 जून 2026 को कराई जा रही है। यानी 21 जून को फिर से नीट की परीक्षा होगी। जिसमें देशभर से लाखों अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। ऐसे में भारत सरकार के निर्देश के मुताबिक, 21 जून को नीट परीक्षा के मद्देनज़र 22 जून तक टेलिग्राम प्लेटफ़ॉर्म भारत में बंद रहेगा। यानि लोग टेलीग्राम को 22 जून तक नहीं चला पाएंगे। NEET-UG 2026 की दोबारा परीक्षा में पेपर लीक फिर से न होने पाए, इसके लिए सरकार ने यह बड़ा कदम उठाया है.

यह भी पढ़ें-


Telegram पर रोक लगाए जाने पर NTA का बड़ा बयान, जानिए क्या कहा?

NEET परीक्षा का 15 मिनट समय बढ़ाया

हाल ही में केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने बताया था कि छात्रों की मांगों पर NEET परीक्षा का समय भी बढ़ाया जा रहा है। परीक्षा फॉर्मेलिटीज पूरी करने में जाने वाले समय के चलते परीक्षा समय में 15 मिनट की बढ़ोतरी रहेगी। परीक्षा अब दोपहर 2 बजे से लेकर शाम 5:15 बजे तक होगी। पहले यह समय 2 बजे से 5 बजे तक था। इसके अलावा परीक्षा के समय अभ्यर्थियों के आवागमन को लेकर राज्यों से परिवहन व्यवस्था के संबंध में बातचीत की जाएगी। ताकि अभ्यर्थियों को परीक्षा सेंटर पहुंचने में परेशानी का सामना न करना पड़े। अभ्यर्थियों को अपने पसंद के शहर में परीक्षा सेंटर चुनने का विकल्प भी मिलेगा।

3 मई को हुई थी NEET-UG की परीक्षा

ज्ञात रहे कि 3 मई 2026 को देश भर में NEET-UG की परीक्षा कराई गई थी। लेकिन बाद में पेपर लीक की जानकारी सामने आई। जिसके बाद भारत सरकार ने तुरंत परीक्षा रद्द कर दी और पेपर लीक की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई। 3 मई को हुई नीट परीक्षा में तकरीबन 22 लाख अभ्यर्थी शामिल रहे थे, ऐसे में अब सभी अभ्यर्थियों को दोबारा परीक्षा देनी होगी। बता दें कि नीट पेपर लीक होने और परीक्षा रद्द होने से देशभर में अभ्यर्थियों में आक्रोश देखा गया और केंद्र सरकार और NTA से जवाब मांगा गया की बार-बार पेपर लीक कैसे हो जाता है? अभ्यर्थियों और तमाम टीचरों ने कहा कि ये छात्रों के करियर से खिलवाड़ है।

CBI ने कई आरोपियों की गिरफ्तारी की

नीट पेपर लीक की जांच करते हुए CBI ने तेज एक्शन लिया और पेपर लीक करने वाले माफियाओं की कमर तोड़ने का काम किया गया। इस मामले में सीबीआई की टीमों ने महाराष्ट्र, राजस्थान, हरियाणा समेत अलग-अलग जगहों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर कई आरोपियों की गिरफ्तारी की और उन्हें रिमांड पर लिया था। सीबीआई इस पूरे मामले में कई अन्य संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है। CBI पेपर लीक मामले में पूरे नेटवर्क का पता लगा रही है। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने चेतावनी देते हुए कहा था कि परीक्षा माफिया बाज आ जायें। उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने समाज से भी अपील की कि ऐसे लोगों का पर्दाफाश करने में सरकार की मदद की जाये।

यह पढ़ें-

NEET परीक्षा में बड़ा बदलाव; अब CBT मोड में हुआ करेगा एग्जाम, पेपर लीक करने वालों को कड़ी चेतावनी