अकालियों को ख्याली दुनिया से बाहर आ जाना चाहिए; सत्ता में वापसी की बजाय, अब उनकी जेल जाने की बारी आ गई है: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान
- By Gaurav --
- Friday, 19 Jun, 2026
The Akalis need to step out of their dream world;
फगवाड़ा, 19 जून। पंजाब के मुख्यमंत्री Bhagwant Mann ने शिरोमणि अकाली दल और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पंजाब पर बारी-बारी से राज करने वाली राजनीतिक पार्टियों का दौर अब समाप्त हो चुका है और सूबे के भरोसे को ठेस पहुंचाने वालों को जवाबदेह बनाया जाएगा। फगवाड़ा में आयोजित ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी का ‘झाड़ू’ पंजाब की राजनीतिक व्यवस्था की सफाई कर रहा है, जबकि अकाली दल और कांग्रेस दशकों तक अपने हित साधने के बाद अब राजनीतिक अस्तित्व बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले सत्ता में रहते हुए ये दल एक-दूसरे के हितों की रक्षा करते थे, जिसके कारण इनके कथित कुकर्म सामने नहीं आ सके। उन्होंने दावा किया कि अब जनता ने बदलाव चुना है और पंजाब की राजनीति में जवाबदेही का नया दौर शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि अकाली और कांग्रेस एक ही सिक्के के दो पहलू हैं, जिन्हें जनता की नहीं बल्कि अपने राजनीतिक हितों की चिंता रही है।
अकाली नेतृत्व पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अकाली नेतृत्व की आलोचना करते हुए कहा कि जिन्होंने श्री अकाल तख्त साहिब के समक्ष झूठ बोला, वे किसी के भी वफादार नहीं हो सकते। उन्होंने आरोप लगाया कि अकाली दल ने अपने राजनीतिक हितों के लिए धर्म का इस्तेमाल किया और बेअदबी के मामलों में भी गंभीरता नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि बेअदबी की घटनाओं ने करोड़ों लोगों की भावनाओं को आहत किया और उनकी सरकार ने ऐसे अपराधों को रोकने के लिए सख्त कानून बनाया है।
उन्होंने पूर्व उपमुख्यमंत्री Sukhbir Singh Badal पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वे जमीनी हकीकतों से अनजान हैं और पंजाब के मूल मुद्दों की समझ नहीं रखते।
कांग्रेस पर भी बोला हमला
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को आंतरिक कलह से जूझती पार्टी बताते हुए कहा कि उसके पास पंजाब और जनता के लिए कोई स्पष्ट दृष्टिकोण नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एकमात्र उद्देश्य सत्ता हासिल करना रहा है, लेकिन जनता अब उसके इरादों को समझ चुकी है।
67 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने अब तक 67 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं और सभी नियुक्तियां पूरी तरह योग्यता के आधार पर हुई हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी भर्ती को अदालत में चुनौती नहीं मिली, जो प्रक्रिया की पारदर्शिता को दर्शाता है।
शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में बदलाव का दावा
भगवंत मान ने कहा कि राज्य में स्कूल ऑफ एमिनेंस स्थापित किए गए हैं, जहां आधुनिक सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब ने राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण में देश में पहला स्थान हासिल किया है।
स्वास्थ्य सेवाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यभर में लगभग 1,000 आम आदमी क्लीनिक संचालित हो रहे हैं, जहां लोगों को मुफ्त इलाज, दवाइयां और जांच सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि अब तक करोड़ों लोग इन सेवाओं का लाभ उठा चुके हैं।
महिलाओं और किसानों के लिए योजनाओं का जिक्र
मुख्यमंत्री ने ‘मांवां-धियां सत्कार योजना’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके तहत 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जाएगी। अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को अधिक वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी।
किसानों के लिए उठाए गए कदमों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्यभर में 14 हजार किलोमीटर पाइपलाइनें और खालों का निर्माण किया गया है, जिससे सिंचाई व्यवस्था मजबूत हुई है। साथ ही किसानों को धान सीजन में दिन के समय भी पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है।
फगवाड़ा के विकास के लिए 18 करोड़ रुपये की घोषणा
मुख्यमंत्री ने फगवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए 18 करोड़ रुपये से अधिक की ग्रांट देने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र के लोगों को प्रशासनिक कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े और स्थानीय स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने कहा कि ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम राजनीति का मंच नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच संवाद का माध्यम है। राज्य सरकार का उद्देश्य विकास, पारदर्शिता और लोगों की खुशहाली सुनिश्चित करना है।