Rahul Gandhi Birthday: 'हाथ में फरसा, माथे पर तिलक'; जन्मदिन पर राहुल गांधी को भगवान परशुराम के रूप में दिखाया

'हाथ में फरसा, माथे पर तिलक और गले माला'; जन्मदिन पर राहुल गांधी को भगवान परशुराम के रूप में दिखाया, दूध चढ़ाते दिखे समर्थक

 Happy Birthday Rahul Gandhi Congress Workers Celebration Video

Happy Birthday Rahul Gandhi Congress Workers Celebration Video

Rahul Gandhi Birthday: कांग्रेस सांसद और लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का आज (19 जून) को जन्मदिन है। राहुल अब 56 साल के हो गए हैं। कांग्रेस के तमाम कार्यकर्ता और समर्थक जगह-जगह राहुल गांधी का जन्मदिन मनाते देखे जा रहे हैं। लेकिन इस बीच यूपी के वाराणसी में राहुल गांधी का जन्मदिन कुछ अलग ही तरह से मनाया गया है। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी को भगवान परशुराम के रूप में दिखाया। राहुल के पोस्टर पर दूध और गंगाजल चढ़ाया गया।

दरअसल राहुल गांधी के भगवान परशुराम रूपी पोस्टर को गंगा के किनारे लाकर कांग्रेसियों ने मंत्रोच्चारण करवाते हुए दूध और गंगाजल से अभिषेक किया। भगवान परशुराम के रूप में बनाए गए राहुल के इस पोस्टर में वह एक हाथ में फरसा और दूसरे हाथ में संविधान लिए दिख रहे हैं। माथे पर त्रिपुंड के साथ तिलक लगा है और गले व बाजू में माला पड़ी है। इसके अलावा शरीर पर वही मृगछाल जैसा वस्त्र है। राहुल गांधी के जन्मदिन को इस तरह से मनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और चर्चा में है।

वीडियो

कांग्रेस दफ्तर पहुंचे राहुल गांधी

अपने जन्मदिन के मौके पर राहुल गांधी आज कांग्रेस दफ्तर भी पहुंचे। इस दौरान राहुल के साथ बहन प्रियंका गांधी भी मौजूद रहीं। वहीं राहुल गांधी के जन्मदिन को लेकर कांग्रेस दफ्तर पर समर्थकों का हुजूम उमड़ा हुआ था। सबसे राहुल गांधी को जन्मदिन की मुबारकबाद मिली। वहीं राहुल गांधी ने भी अपने जन्मदिन के अवसर पर सभी समर्थकों और पत्रकारों का अभिवादन किया। धन्यवाद और प्यार जताते हुए राहुल फ्लाइंग किस देते हुए भी दिखे। बता दें कि दिल्ली में इंदिरा भवन के बाहर राहुल गांधी को जन्मदिन की बधाई देते हुए पोस्टर भी लगाए गए हैं। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर हर कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता राहुल को बधाई देते देखा जा रहा है।

पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं

सिर्फ कांग्रेस नेता ही नहीं बल्कि सत्ता शासक भी राहुल गांधी को जन्मदिन पर शुभकामनाएं दे रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राहुल गांधी को उनके जन्मदिन पर विश किया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर राहुल को जन्मदिन की बधाई देते हुए लिखा, ''लोकसभा में विपक्ष के नेता श्री राहुल गांधी जी को उनके जन्मदिन पर बहुत-बहुत शुभकामनाएँ। उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करता हूं।'' गौरतलब है कि 2004 में पहली बार लोकसभा पहुंचे राहुल गांधी पांचवी बार के सांसद हैं। वह कांग्रेस अध्यक्ष भी रह चुके हैं। इस समय राहुल गांधी संसद से सड़क तक मौजूदा सरकार के कई फैसलों के खिलाफ मुखर होकर बोलते दिख रहे हैं।