School Van Carrying Children

बच्चों से भरी स्कूल वैन सड़क धंसने से फंसी, बाल-बाल टला हादसा

undefined

School Van Carrying Children

जलालाबाद: पंजाब के जलालाबाद में मंगलवार सुबह एक निजी स्कूल वैन बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गई। कमरेवाला रोड स्थित टेलीफोन एक्सचेंज के पास सड़क धंसने से वैन का एक टायर जमीन में फंस गया। उस समय वैन में कई स्कूली बच्चे सवार थे, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्चों को स्कूल लेकर जा रही वैन जैसे ही मोड़ पर पहुंची, अचानक सड़क का एक हिस्सा धंस गया और वैन का टायर उसमें फंस गया। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते वाहन पर नियंत्रण बनाए रखा, जिससे वैन पलटने से बच गई और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

घटना के दौरान वैन में बैठे बच्चे घबरा गए और शोर मचाने लगे। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि क्षेत्र में बीती रात हुई भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव हो गया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस स्थान पर हादसा हुआ वहां हाल ही में पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया गया था। आशंका है कि बारिश के कारण मिट्टी कमजोर होने से सड़क धंस गई और वैन का टायर उसमें फंस गया।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क की गुणवत्ता की जांच कराने और क्षतिग्रस्त हिस्से की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।