संजीव अरोड़ा बने पंजाब के नए बिजली मंत्री; मान सरकार में और पावरफुल हुए, उद्योग विभाग भी पास रहेगा, पिछले महीने ही मंत्री बने

Sanjeev Arora New Power Minister of Punjab Breaking News
Punjab Minister Sanjeev Arora: पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा अब और पावरफुल हो गए हैं। अरोड़ा को बिजली विभाग की ज़िम्मेदारी सौंपी गई है। वह पंजाब के नए बिजली मंत्री होंगे। इसके साथ ही संजीव अरोड़ा के पास उद्योग विभाग और NRI विभाग का कार्यभार भी बना रहेगा। उद्योग और बिजली दोनों ही बड़े विभाग हैं और इन दोनों विभागों का एक साथ अरोड़ा के पास आना। यह दर्शाता है कि मान सरकार में उनका कद कितना बड़ा है।
हरभजन सिंह ETO से वापस लिया बिजली विभाग
कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ETO से बिजली विभाग लेकर अरोड़ा को दिया गया है। अब तक हरभजन सिंह ETO ही बिजली विभाग की ज़िम्मेदारी संभाल रहे थे। फिलहाल हरभजन सिंह ETO के पास PWD विभाग बना रहेगा। ज्ञात रहे कि, लुधियाना वेस्ट सीट से उपचुनाव जीतकर आए संजीव अरोड़ा को पिछले महीने जुलाई में ही कैबिनेट मंत्री बनाया गया था। AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने लोगों से वादा किया था कि अगर संजीव अरोड़ा जीतकर आते हैं तो उन्हें पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया जाएगा।
राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया
लुधियाना वेस्ट से विधायक निर्वाचित होने से पहले संजीव अरोड़ा (Sanjeev Arora) राज्यसभा सांसद थे। लेकिन उपचुनाव जीतने के बाद उन्होंने राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। अरोड़ा पंजाब में आम आदमी पार्टी एक वरिष्ठ नेता हैं और AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के काफी करीबी भी माने जाते हैं। केजरीवाल के साथ-साथ वह सीएम भगवंत मान की भी पसंद हैं। अरोड़ा के मंत्री बनने के पीछे ये भी एक अहम कारण है।