संजय टंडन ने ताऊ देवी लाल स्टेडियम में चंडीगढ़ प्रीमियर लीग की तैयारियों का लिया जायजा
Sanjay Tandon took stock of the preparations
चंडीगढ़: जून 2026 में आयोजित होने वाली चंडीगढ़ प्रीमियर लीग (सीपीएल) की तैयारियों के मद्देनज़र यूटी क्रिकेट एसोसिएशन (यूटीसीए) के संस्थापक अध्यक्ष संजय टंडन ने यूटीसीए के अधिकारियों के साथ पंचकूला स्थित ताऊ देवी लाल स्टेडियम का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आयोजन स्थल की तैयारियों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान संजय टंडन ने स्टेडियम के बुनियादी ढांचे और सुविधाओं का व्यापक निरीक्षण किया, ताकि लीग मैचों का सफल और सुचारु आयोजन सुनिश्चित किया जा सके। इस दौरान दर्शकों के बैठने की व्यवस्था, पिच की स्थिति, आउटफील्ड का रखरखाव, फ्लडलाइट सिस्टम, ड्रेसिंग रूम, प्रैक्टिस सुविधाएं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच की गई।
टंडन ने उच्च स्तर की तैयारियों पर जोर देते हुए कहा कि खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों को बेहतर अनुभव प्रदान करने के लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि टूर्नामेंट से पहले सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं।
समीक्षा के दौरान टंडन ने स्टेडियम संचालन से जुड़े अधिकारियों और संबंधित विभागों के साथ बातचीत भी की। उन्होंने ताऊ देवी लाल स्टेडियम के बी. डोगरा, यूएचबीवीएन के एसडीओ भूपिंदर सिंह और जेई अभिषेक शर्मा के साथ तैयारियों और बुनियादी ढांचे को लेकर चर्चा की।