Sanjay Singh Bail Conditions- AAP सांसद संजय सिंह पर जमानत की तमाम शर्तें तय; जेल से बाहर आने पर इन पाबंदियों में रहना होगा

AAP सांसद संजय सिंह पर जमानत की तमाम शर्तें तय; जेल से बाहर आने पर इन पाबंदियों में रहना होगा, 2 लाख का बॉन्ड भरा

Sanjay Singh Bail Conditions Fixed By Trial Court Delhi Liquor Policy Scam

Sanjay Singh Bail Conditions Fixed By Trial Court Delhi Liquor Policy Scam

Sanjay Singh Bail Conditions: दिल्ली शराब नीति घोटाले में गिरफ्तार किए गए आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह अब जेल से बाहर आ रहे हैं। संजय सिंह को सुप्रीम कोर्ट ने बीते मंगलवार को जमानत दी थी। जिसके बाद आज ट्रायल कोर्ट यानि दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने संजय सिंह की जमानत को लेकर तमाम शर्तें तय की हैं। कोर्ट ने शर्तों के साथ तैयार आदेश तिहाड़ जेल प्रशासन को भेजा है। संजय सिंह की जमानत को लेकर 2 लाख रुपए का बेल बॉन्ड भराया गया है। कोर्ट में जमानत का बेल बॉन्ड उनकी पत्नी अनीता सिंह ने भरा है। अनीता सिंह कोर्ट में जमानत की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए पहुंचीं थीं।

संजय सिंह पर जमानत की क्या शर्तें?

बताया जा रहा है कि, कोर्ट ने संजय सिंह को अपना पासपोर्ट सरेंडर करने के लिए कहा है। संजय सिंह को देश छोड़कर जाने की अनुमति नहीं है। इसके अलावा संजय सिंह अगर दिल्ली-एनसीआर से बाहर जाएंगे तो उन्हें ED के जांच अधिकारी को इस बारे में पहले पूरी जानकारी देनी होगी। वह कुछ नहीं छिपाएंगे। इस दौरान वो अपना फ़ोन नंबर भी ED को बताएंगे जो लगातार ON रहेगा। साथ ही संजय सिंह शराब नीति मामले में अपनी भूमिका को लेकर कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।

सुप्रीम कोर्ट ने भी कहा- टिप्पणी न करें संजय सिंह

सुप्रीम कोर्ट ने संजय सिंह को जमानत देने का जो आदेश जारी किया है। उसमें कहा गया है कि, कोर्ट ने संजय सिंह पर ईडी द्वारा दर्ज केस की मेरिट पर कोई कमेंट नहीं किया है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि, संजय सिंह की जमानत पर ईडी ने कोई ऐतराज नहीं किया। इसके मद्देनजर संजय सिंह को ज़मानत दी गई। कोर्ट ने साफ किया कि संजय सिंह को मिली रियायत को नज़ीर की तरह न समझा जाए। संजय सिंह की ज़मानत दूसरे आरोपियों को ज़मानत देने का आधार नहीं बन सकती। यानी इसे उदाहरण के तौर पर ना लिया जाये। वहीं सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि, हमें आश्वस्त किया गया है कि संजय सिंह इस केस में अपनी भूमिका को लेकर ज़मानत पर रहने के दौरान कोई टिप्पणी नहीं करेंगे।

6 महीने बाद जेल से बाहर आएंगे संजय सिंह

जमानत मिलने के बाद संजय सिंह को बहुत बड़ी राहत मिली है। संजय सिंह अब लगभग 6 महीने बाद जेल से बाहर आएंगे। गिरफ्तारी के बाद ईडी ने 2 बार संजय सिंह को रिमांड पर लिया था। इसके बाद दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने संजय सिंह को न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। जिसके बाद से संजय सिंह तिहाड़ जेल में बंद थे। संजय सिंह तिहाड़ में जेल नंबर-5 में बंद थे। इससे पहले उन्हें जेल नंबर-2 में भी रखा गया। जिसमें इस समय सीएम केजरीवाल रखे गए हैं.

4 अक्टूबर 2023 को संजय सिंह की गिरफ्तारी हुई

शराब घोटाला मामले में कार्रवाई करते हुए ED की टीम 4 अक्टूबर 2023 को सुबह संजय सिंह के घर पहुंची थी और लंबी छापेमारी की थी। इस दौरान संजय सिंह से पूछताक्ष की गई। इसके बाद शाम तक खबर आ गई कि ED ने संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, दिल्ली शराब नीति और घोटाला मामले की चार्जशीट में संजय सिंह का भी नाम है।

मालूम रहे कि, इसी मामले में पहले से ही आप नेता और पूर्व मंत्री मनीष सिसोदिया तिहाड़ जेल में बंद हैं और अब सीएम केजरीवाल भी इस मामले में तिहाड़ जेल पहुंच गए हैं। बता दें कि, सीबीआई ने सिसोदिया को शराब घोटाले में 26 फरवरी 2023 को करीब 8 घंटे की पूछताक्ष के बाद गिरफ्तार किया था। इसके बाद ईडी ने सिसोदिया को इस मामले में नौ मार्च को गिरफ्तार किया। सिसोदिया को अब तक जमानत नहीं मिल पाई है। सिसोदिया सुप्रीम कोर्ट का भी रुख कर चुके हैं।