बिहार में ऐतिहासिक सत्ता परिवर्तन: सम्राट चौधरी होंगे 24वें मुख्यमंत्री, आज सुबह 10:50 बजे शपथ
Samrat Chaudhary to Become 24th Chief Minister
पटना। Samrat Chaudhary to Become 24th Chief Minister, एनडीए में मंगलवार को सत्ता का शांतिपूर्ण हस्तांतरण हो गया। करीब 20 साल तक शासन में रहे नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से त्यागपत्र दे दिया। उनके उत्तराधिकारी पूर्व उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी होंगे। वे भाजपा के पहले और राज्य के 24 वें मुख्यमंत्री के रूप में बुधवार को 10.50 बजे लोकभवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
पहले भाजपा और बाद में एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट ने मंगलवार की शाम राज्यपाल रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन को सरकार बनाने का लिखित दावा पेश किया।
उनके साथ केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ऊर्फ ललन सिंह, जीतनराम मांझी, पूर्व मंत्री विजय कुमार चौधरी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, रालोमो के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा एवं लोजपा (रा) के सांसद अरुण भारती भी थे। शपथ ग्रहण में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शामिल होंगे।
नीतीश कुमार अपनी कैबिनेट की अंतिम बैठक में शामिल
सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया मंगलवार को दिन के 11 बजे शुरू हुई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी कैबिनेट की अंतिम बैठक में शामिल हुए। उसके बाद अपने सरकारी निवास पर आए। वहां से 3.15 बजे लोकभवन गए और राज्यपाल को अपना त्याग पत्र सौंपकर आवास पर लौट आए।
उनके साथ पूर्व उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पूर्व संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ऊर्फ ललन सिंह भी लोकभवन गए थे।
भाजपा कार्यालय में विधायक दल की बैठक
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और बिहार भाजपा के प्रभारी विनोद तावड़े विशेष विमान से नई दिल्ली से पटना पहुंचे। पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष 9.30 बजे सेवा विमान से पहुंच चुके थे। शिवराज चौहान कुछ देर राजकीय अतिथिशाला में ठहर कर भाजपा कार्यालय चले गए।
भाजपा कार्यालय में 2.30 बजे विधायक दल की बैठक हुई। पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर पूर्व उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने नेता पद के लिए सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा। पूर्व मंत्री मंगल पांडेय, डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, पूर्व उप मुख्यमंत्री रेणु देवी और विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने प्रस्ताव का समर्थन किया, जिसके बाद शिवराज सिंह चौहान ने सम्राट चौधरी के भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने की घोषणा की।
नीतीश कुमार ने घोषित किया विधायक दल का नेता
एनडीए विधानमंडल दल की संयुक्त बैठक विधानसभा के सेंट्रल हॉल में हुई। इसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी को एनडीए विधायक दल का नेता घोषित किया। मंच पर केंद्रीय मंत्री एवं पार्टी के पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान, राजीव रंजन सिंह ऊर्फ ललन सिंह, जीतनराम मांझी, रालोमो के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के अलावा कई अन्य नेता थे।
इस बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार काफी उत्साहित मुद्रा में थे। उन्होंने विधायकों ने ताली बजा कर सम्राट के भावी मुख्यमंत्री बनने की घोषणा का स्वागत करने का आग्रह किया।