'हिंदू लड़कियां नंगे होकर पैसा कमाएंगी...' अनिरुद्धाचार्य और प्रेमानंद के बाद अब साध्वी ऋतंभरा के वीडियो पर विवाद, यहां पूरा बयान

Sadhvi Ritambhara Remarks on Girls Controversial Statement Video
Sadhvi Ritambhara on Girls: लड़कियों को लेकर कथावाचक अनिरुद्धाचार्य और संत प्रेमानंद महाराज के बयान से बवाल खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया और मीडिया दोनों पर बयान को लेकर बहसबाजी देखी जा रही है। कुछ लोग ऐसे हैं जो समर्थन में हैं तो वहीं कुछ लोग बयान पर घोर आपत्ति जता रहे हैं। वहीं इसी बीच इस विवाद में अब 'दीदी मां' के नाम से मशहूर साध्वी ऋतंभरा का नाम भी जुड़ गया है।
दरअसल, साध्वी ऋतंभरा का लड़कियों को लेकर एक बयान सामने आया है। बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है। इस वीडियो में साध्वी ऋतंभरा सोशल मीडिया पर लड़कियों द्वारा गंदे और अभद्र वीडियो बनाए जाने से भड़कती नजर आ रहीं हैं। लड़कियों की अश्लील रीलबाजी को लेकर उन्होंने कहा कि, उनको इस तरह देखकर शर्म आती है। हालांकि, साध्वी ऋतंभरा का यह वीडियो अभी का नहीं बताया जा रहा है। वीडियो कुछ दिनों पुराना है
साध्वी ऋतंभरा का वीडियो
वीडियो में साध्वी ऋतंभरा कहती हैं, ''हिंदू स्त्रियां... हे भगवान देखकर शर्म आती है। पैसा कमाओगे तुम। नंगे होकर पैसा कमाओगे। गंदे ठुमके लगाकर, गंदे गाने गाकर। मुझे समझ नहीं आता है कि उनके पतियों को स्वीकार कैसे है। उनके पिताओं को ये स्वीकार कैसे है अपने घर के अंदर गंदी कमाई आती है, तो पितर, पितर लोक में तड़पने लगते हैं। मर्यादित जीवन होना चाहिए।''
साध्वी ऋतंभरा ने आगे कहा, ''हे भारत की देवियों तुम चाहो तो कर सकती हो। बुरा मत मानिएगा। तुम चाहो तो राक्षसों के घर में देवताओं को जन्म देती हो। तुमने दिया। तुमने कयाधू बनकर हिरण्यकशिपु के घर में प्रह्लाद को जन्म दिया और अगर तुम न चाहो तो विश्रवा ऋषि के घर में रावण जैसा राक्षस पैदा हो जाता है।'' साध्वी ऋतंभरा के इस वीडियो पर लोग तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं।''
वीडियो
लड़कियों पर अनिरुद्धाचार्य ने क्या कहा था?
कथावाचक अनिरुद्धाचार्य ने आजकल लड़कियों की शादी देर होने को लेकर बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि, आज लड़कियां देर से शादी कर रहीं हैं। 25 साल तक शादी न कर लड़कियां 4 जगह मुंह मार चुकी होती हैं। अनिरुद्धाचार्य ने ये भी कहा था कि लड़कियों की शादी कम उम्र में ही कर देनी चाहिए ताकि वो जिस घर में जायें, वहां के पारिवारिक माहौल में ढल सकें।
अनिरुद्धाचार्य के इस बयान को लेकर मामला गर्म होता चला गया। मामला बढ़ता देख अनिरुद्धाचार्य ने माफी मांग ली थी। उन्होंने माफी मांगते हुए कहा था कि उन्होंने कुछ लड़कियों के लिए ये कहा था, जो लिव-इन-रिलेशन में रहती हैं, ना कि सबके लिए। मेरे बयान का गलत अर्थ निकाला गया। बता दें कि, लड़कियों को लेकर अनिरुद्धाचार्य का यह पहला बयान नहीं है, उनके ऐसे कई बयान हैं।
लड़कियों पर प्रेमानंद महाराज ने क्या कहा था?
वृंदावन वाले प्रेमानंद महाराज ने लड़कियों को लेकर कहा था कि, आजकल लड़के-लड़कियों के चरित्र पवित्र नहीं हैं। आज लड़कियों का एक लड़के से ब्रेकअप, कल दूसरे से ब्रेकअप फिर से तीसरे से यही व्यवहार चल रहा है और ये व्यवहार व्याभिचार में परिवर्तित हो रहा है। जब 4 होटल का खाना खाने की आदत हो जाएगी तो घर की रसोई का भोजन कैसे अच्छा लगेगा। ऐसे में किसी लड़की की एक पति को स्वीकार करने की हिम्मत नहीं रह जाएगी। जब 4 लड़को से मिलने की आदत हो गई है तो वो कैसे सच्ची बहू बनेगी?
प्रेमानंद महाराज ने आगे कहा कि, आज के समय में 100 में 2-4 कन्याएं ही ऐसी होंगी, जो अपना पवित्र जीवन रखकर किसी पुरुष को समर्पित होंगी। वहीं, लड़कियों के साथ-साथ लड़कों को लेकर भी प्रेमानंद महाराज ने कहा था कि वह भी इसमें पीछे नहीं हैं। लड़के भी आज 4 लड़कियों से व्याभिचार करते हैं। कोई लड़का चार लड़कियों से मिल चुका हो, वह कैसे सच्चा पति बन पाएगा? वो अपनी पत्नी से संतुष्ट नहीं रहेगा। उसे 4 से व्याभिचार करना ही पड़ेगा, क्योंकि उसकी आदत बन चुकी है।