Rohtak: Youth hangs himself in BPL flat, dies on way to hospital

रोहतक: बीपीएल फ्लैट में युवक ने फांसी लगाई, अस्पताल ले जाते समय मौत

undefined

Rohtak: Youth hangs himself in BPL flat, dies on way to hospital

रोहतक जिले के बीपीएल फ्लैट क्षेत्र में किराए के मकान में रहने वाले एक युवक ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही अर्बन एस्टेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक की पत्नी और परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं।

मृतक की पहचान रवि पुत्र रणधीर, निवासी गांव बड़वासनी, जिला सोनीपत के रूप में हुई है, जो पिछले एक साल से रोहतक के बीपीएल फ्लैट में रह रहा था। परिजनों के अनुसार रवि बचपन में छह साल की उम्र से अपने चाचा के साथ रोहतक में रहने लगा था। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह विभिन्न निजी कार्यों से जुड़ा रहा और हाल के समय में इंश्योरेंस का काम कर रहा था।

रवि ने दो साल पहले उत्तर प्रदेश की रहने वाली युवती से प्रेम विवाह किया था। वह करीब दो साल तक दुबई में भी काम कर चुका था, जहां उसका बड़ा भाई रहता है। दुबई से लौटने के बाद उसने रोहतक में रहकर अपना काम शुरू किया था।

मृतक के पिता रणधीर ने बताया कि घटना से एक दिन पहले दोपहर में रवि से फोन पर बात हुई थी और उसने मिलने आने की बात कही थी। रात करीब दो बजे सूचना मिली कि रवि ने फांसी लगा ली है। परिजनों के अनुसार, उसे तुरंत फंदे से उतारकर निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने पीजीआई रेफर कर दिया। पीजीआई ले जाते समय रास्ते में ही रवि की मौत हो गई।

परिजनों का कहना है कि रवि एक कानूनी मामले को लेकर मानसिक तनाव में था। बताया गया कि 62 हजार रुपये की एक ट्रांजैक्शन को लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज हुआ था, जो कोर्ट में विचाराधीन है और जिसकी अगली तारीख अप्रैल में तय थी। इसी मामले के चलते वह परेशान रहता था। परिजनों ने किसी प्रकार के पारिवारिक विवाद या झगड़े से इनकार किया है।

अर्बन एस्टेट थाना के जांच अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।