चंडीगढ़ में विकास परियोजनाओं की समीक्षा: ट्रिब्यून चौक पर फ्लाईओवर प्रस्ताव भेजा, मई-जून से कई काम शुरू

चंडीगढ़ में विकास परियोजनाओं की समीक्षा: ट्रिब्यून चौक पर फ्लाईओवर प्रस्ताव भेजा, मई-जून से कई काम शुरू

Review of Development Projects in Chandigarh

Review of Development Projects in Chandigarh

चंडीगढ़, 16 अप्रैल (साजन शर्मा): Review of Development Projects in Chandigarh: यूटी चंडीगढ़ के मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद ने आज प्रशासन के सभी विभागों के सचिवों के साथ समीक्षा बैठक कर शहर में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाओं और प्रशासनिक कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
बैठक में इंजीनियरिंग विभाग ने जानकारी दी कि ट्रिब्यून चौक पर ट्रैफिक जाम की समस्या के समाधान के लिए फ्लाईओवर, रोटरी और अंडरपास निर्माण का प्रस्ताव सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को मंजूरी के लिए भेज दिया गया है। मंत्रालय से स्वीकृति मिलने के बाद इस परियोजना पर मई माह से काम शुरू किया जाएगा।
बलटाना और मखन माजरा क्षेत्र में लंबे समय से लंबित लेवल क्रॉसिंग हटाने की मांग को लेकर भी प्रगति हुई है। प्रशासन ने इस कार्य के लिए रेलवे को ₹6.5 करोड़ की राशि जमा करवा दी है, जिससे जल्द निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।
शिक्षा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के तहत पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज में नए हॉस्टल ब्लॉक के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके तहत निर्माण कार्य मई महीने से शुरू होने की उम्मीद है।
पंजाब यूनिवर्सिटी और पीजीआई अंडरपास परियोजना को लेकर भी जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना का निर्माण कार्य जून से शुरू होने की संभावना है। इसके लिए नगर निगम, इंजीनियरिंग विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों द्वारा संयुक्त साइट निरीक्षण भी किया जा चुका है, ताकि कार्य को सुचारु रूप से पूरा किया जा सके।
मुख्य सचिव ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं तय समय सीमा में पूरी की जाएं। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न विभागों में खाली पड़े पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।
इसके अलावा, पर्यटन विभाग को सरांगपुर में निर्धारित स्थल पर जल्द से जल्द कॉन्सर्ट आयोजित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए हैं।