दहेज और प्रताड़ना की बलि चढ़ी रीना: करौली की बेटी ने 2 महीने तक अस्पताल में लड़ा जीवन का अंतिम युद्ध
Reena Falls Victim to Dowry and Abuse
नई दिल्ली। Reena Falls Victim to Dowry and Abuse, राजस्थान के करौली जिले की 26 वर्षीय रीना की मौत ने दहेज और मानसिक प्रताड़ना के एक गंभीर मामले को सामने ला दिया है। आरोप है कि सगाई के बाद उसके मंगेतर ने लगातार दहेज की मांग की और उसे मानसिक रूप से परेशान किया।
इसी तनाव से तंग आकर रीना ने तेजाब पी लिया था। करीब दो महीने तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद 25 मई को उसकी मौत हो गई। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, रीना की शादी 6 दिसंबर 2025 को ललित मीना से तय हुई थी।
सगाई के समय रीना के परिवार की ओर से 1 लाख 21 हजार रुपये दिए गए थे। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, लेकिन आरोप है कि ललित वीडियो कॉल पर रीना से अशोभनीय और अनैतिक बातें करने का दबाव बनाता था।
एफआईआर के मुताबिक, 7 फरवरी को जब रीना सीटेट परीक्षा देने जयपुर गई थी, तब भी ललित ने उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। इन घटनाओं से रीना लगातार मानसिक तनाव में रहने लगी थी।
दहेज की बढ़ती मांग बनी विवाद की वजह
परिजनों का आरोप है कि शादी लगभग 41 लाख रुपये के खर्च पर तय हुई थी, लेकिन इसके बावजूद ललित बार-बार अतिरिक्त पैसों की मांग करता था। वह कथित तौर पर कहता था कि उसे इंजीनियर या डॉक्टर लड़की भी मिल सकती है। जब रीना ने यह बात अपनी मां को बताई तो परिवार ने मामले को समझाने की कोशिश की।
हालांकि, 15 मार्च को ललित ने शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद रीना और उसके परिवार ने कई बार उससे बातचीत करने का प्रयास किया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इन घटनाओं से आहत होकर रीना ने 22 मार्च को तेजाब पी लिया। इसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान पास की सीटेट परीक्षा
रीना का लंबे समय तक जयपुर के अस्पताल और बाद में एम्स में इलाज चला। करीब 40 दिनों तक उपचार के बाद भी उसकी हालत में सुधार नहीं हो सका और 25 मई को उसकी मौत हो गई। रीना बीएससी-बीएड शिक्षित थी और शिक्षक बनने की तैयारी कर रही थी।
इलाज के दौरान ही उसका सीटेट परीक्षा परिणाम आया, जिसमें वह सफल भी हुई थी। लेकिन अपने सपनों को पूरा करने से पहले ही उसने दुनिया को अलविदा कह दिया। फिलहाल पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पड़ताल की जा रही है।