गुरुदेव की पावन स्मृति में राष्ट्रीय विराग मंच ने लगाए 36 पौधे
Rashtriya Virag Manch
चंडीगढ़, 5 जुलाई। Rashtriya Virag Manch: राष्ट्रीय विराग मंच द्वारा परम पूज्य युग सर्वोत्कृष्ट समाधि साधक गणाचार्य 108 श्री विराग सागर जी महामुनिराज के तृतीय समाधि दिवस के अवसर पर श्री दिगंबर जैन मंदिर, सेक्टर 27-बी, चंडीगढ़ में श्रद्धा एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ भव्य पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुदेव के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर श्री दिगंबर जैन मंदिर, सेक्टर 27-बी, चंडीगढ़ के प्रधान श्री धर्मबहादुर जैन, श्रीमान कैलाश चंद जैन ,श्री करुण जैन, श्री विजय जैन, श्री नवरत्न जैन सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय विराग मंच के अध्यक्ष श्री आकाश जैन ने कहा कि मंच समय-समय पर सामाजिक, धार्मिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन करता रहता है। गुरुदेव की प्रेरणा से समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस वर्ष 36 पौधों का रोपण किया गया। उन्होंने सभी नागरिकों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।

पौधारोपण अभियान में श्री अशोक कुमार जैन, श्रीमती सुनीता जैन, श्रीमती शिप्रा जैन (ढकोली), श्री अमित भारद्वाज, श्री मनोज शुक्ला, पायलट श्री अनूप सरीन सहित अनेक श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने कर-कमलों से कुल 36 पौधों का रोपण किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने गुरुदेव को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं समाज सेवा के कार्यों में निरंतर सहभागी बनने का संकल्प लिया। राष्ट्रीय विराग मंच ने सभी सहयोगियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी एवं धार्मिक कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की घोषणा की।