राजस्थान बीजेपी में एकजुटता का संदेश: सतीश पूनिया और अलका गुर्जर ने दाखिल किया नामांकन
Message of unity within Rajasthan BJP
Message of unity within Rajasthan BJP, सतीश पूनिया और अलका गुर्जर के नामांकन दाखिल करने से पहले बीजेपी के प्रदेश मुख्यालय में दोनों नेताओं का अभिनंदन किया गया. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और संगठन के पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार की मौजूदगी में हुए अभिनंदन कार्यक्रम में बीजेपी ने मंच पर एकजुटता की तस्वीर पेश की, तो पार्टी कार्यालय से रवाना होते वक्त भी मुख्यमंत्री की गाड़ी में सवार दोनों प्रत्याशी और प्रदेश अध्यक्ष भी संगठन के एकमुखी होने की तस्वीर के रूप में दिखे.
नामांकन में सीएम भजनलाल से लेकर वसुंधरा तक मौजूद
नामांकन दाखिल करते वक्त भी सीएम, डिप्टी सीएम, प्रदेशाध्यक्ष और पूर्व सीएम वसुंधरा राजे की मौजूदगी के जरिए पार्टी ने बीजेपी की एकजुटता का मैसेज देने की कोशिश की. इससे पहले विधायकों के साथ बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि डॉ. सतीश पूनिया और डॉ. अल्का गुर्जर के अनुभव का फायदा अब प्रदेश के साथ देश को भी मिलेगा. दोनों का संसद के उच्च सदन में जाना राजस्थान के लिए गर्व का विषय है. डबल इंजन सरकार प्रदेश में भी जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए जनसेवा में लगी हुई है.

राजस्थान बीजेपी विधायकों की बैठक
मुख्यमंत्री सोमवार को विधानसभा की हां पक्ष लॉबी में विधायक दल की बैठक को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि ग्राम विकास रथ और ग्राम विकास चौपाल जैसे कार्यक्रमों के जरिए अंतिम पंक्ति के व्यक्ति का विकास सुनिश्चित किया जा रहा है. वहीं, वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान द्वारा आमजन की भागीदारी के साथ जल संरक्षण को जल आंदोलन का रूप दिया गया है.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 साल में किए गए ऐतिहासिक कार्यों का जन-जन तक प्रचार करना हमारा कर्तव्य है. इसी को लेकर 5 जून से 21 जून तक ‘12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के' कार्यक्रम के जरिए विभिन्न आयोजन किए जा रहे हैं. जिनमें स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण अभियान, कार्यशालाएं, सेमीनार, मंदिरों में आरती जैसे आयोजनों के जरिए जनता को विकास कार्यों की जानकारी दी जाएंगी.
बैठक के बाद नामांकन
विधायक दल की बैठक के बाद राज्यसभा प्रत्याशी डॉ. सतीश पूनिया और डॉ. अल्का गुर्जर ने रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष नामांकन पेश किया. इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उप-मुख्यमंत्री दिया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा, संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल, मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, राज्यसभा सांसद मदन राठौड़, भाजपा संगठन महामंत्री अजेय कुमार सहित अन्य विधायक मौजूद रहे.