Delhi Airport: दिल्ली एयरपोर्ट पर एयर इंडिया के 3 विमान क्षतिग्रस्त; तूफानी हवा-बारिश के चलते नुकसान, DGCA जांच कर रहा

दिल्ली एयरपोर्ट पर एयर इंडिया के 3 विमान क्षतिग्रस्त; तूफानी हवा-बारिश के चलते नुकसान, DGCA जांच कर रहा, वीडियो आया सामने

Delhi Airport Three Air India Aircrafts Damaged Due To Stormy Winds Rain

Delhi Airport Three Air India Aircrafts Damaged Due To Stormy Winds Rain

Delhi Airport Aircrafts Damaged: दिल्ली एयरपोर्ट पर एयर इंडिया (Air India) के 3 विमानों के क्षतिग्रस्त होने की खबर सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार, रविवार शाम अचानक तूफानी हवा-बारिश के चलते दिल्ली आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल 2 पर ग्राउंड सपोर्ट इक्विपमेंट एयर इंडिया के तीन विमानों से टकरा गए। जिससे तीनों विमानों को नुकसान पहुंचा। विमानों में किसी व्यक्ति की मौजूदगी नहीं थी।

DGCA जांच कर रहा

हालांकि इस पूरी घटना को लेकर ज्यादा जानकारी अभी हासिल नहीं हो पाई है लेकिन बताया जा रहा है कि सुरक्षा कारणों के चलते तीनों विमानों को फिलहाल ऑपरेशन (संचालन) से बाहर कर दिया गया है और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) जांच कर रहा है। वहीं दिल्ली एयरपोर्ट से एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें तूफानी हवा-बारिश के बीच ग्राउंडेड विमान दिख रहे हैं और घटना के वक्त कर्मचारी भागते हुए नजर आ रहे हैं।

दिल्ली एयरपोर्ट से सामने आया वीडियो


दिल्ली में अचानक बदला मौसम

बता दें कि बीते रविवार शाम दिनभर की कड़ी धूप और भीषण गर्मी के बीच दिल्ली का मौसम अचानक बदल गया। दिल्ली के कई हिस्सों में बारिश हुई। कई इलाकों में तो ठीक-ठीक बारिश पड़ गई। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली. मौसम विभाग ने 7 जून के दिन दिल्ली और आसपास के कुछ हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ छिटपुट बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने की संभावना जताई थी। केरल के मानसून पहुंचने के बाद देश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है।

कहां तक पहुंचा मानसून?

4 जून को केरल के तट से टकराने के बाद मानसून सामान्य गति से आगे बढ़ते हुए कई राज्यों को अब तक कवर कर चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून आज 7 जून को पश्चिम मध्य और संपूर्ण उत्तरपूर्वी बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों, उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों, संपूर्ण नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम, त्रिपुरा, असम और अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया है। इससे पहले यह 6 जून को महाराष्ट्र एवं आंध्र प्रदेश के कुछ और भागों, गोवा के शेष भागों, कर्नाटक के कुछ और भागों, तमिलनाडु के अधिकांश भागों तथा पूर्वोत्तर भारत के कुछ भागों में आगे बढ़ा था।

मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 7 दिनों के दौरान केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और उत्तरपूर्वी भारत में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा (7-20 सेमी) होने की प्रबल संभावना है। इसके साथ ही 8 से 10 जून के दौरान कर्नाटक में अलग-अलग स्थानों पर अत्यंत भारी वर्षा हो सकती है। हालांकि, उत्तर भारत वालों को अभी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 10 से 12 जून के दौरान छिटपुट बारिश की संभावना है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 11-12 जून को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।

दिल्ली में कब तक पहुंचेगा मानसून

मानसून आने के बाद जहां देश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश की चेतावनी जारी की गई है तो वहीं कुछ राज्यों में अब भी भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है। आइए जानते हैं दिल्ली में मानसून कब तक पहुंचेगा। राजधानी दिल्ली की बात करें तो यहां आमतौर पर मानसून जून के अंतिम सप्ताह तक पहुंचता है। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून 25 जून से 30 जून यानी जून के आखिरी सप्ताह में ही दिल्ली तक पहुंचेगा। इसका असर दिल्ली के आस-पास के इलाकों यानी एनसीआर में भी देखने को मिलेगा। दिल्ली के साथ ही नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद, फरीदाबाद जैसे शहरों में भी मानसून एक साथ दस्तक देगा।