सुंदरनगर में भीषण अग्निकांड, सरकारी विभाग का पुराना परिसर जलकर राख
old government department complex reduced to ashes.
लोक संपर्क विभाग के पुराने भवन और जन विकास समिति के कमरों में लगी आग, प्रशासन ने शुरू की जांच
सुंदरनगर( मंडी ) : Massive fire in Sundernagar, सुंदरनगर उपमंडल के अंतर्गत खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) कार्यालय के समीप स्थित लोक संपर्क विभाग के पुराने भवन और जन विकास समिति के कमरों में रविवार देर शाम अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा परिसर जलकर राख हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस अग्निकांड में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार आग की घटना रात करीब 9 बजे सामने आई। स्थानीय लोगों ने परिसर से धुआं और आग की ऊंची लपटें उठती देख तुरंत प्रशासन और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सुंदरनगर पुलिस, डीएसपी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची तथा बीबीएमबी के दमकल वाहनों को भी तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार परिसर में मौजूद सूखी लकड़ी और लंबे समय से अनुपयोगी पड़े ढांचे के कारण आग तेजी से फैल गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक तकनीकी सहायक परिसर सहित जन विकास समिति के कमरे पूरी तरह जल चुके थे।
प्रशासन ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और संबंधित विभाग की टीमें मौके का निरीक्षण कर रही हैं तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
"आग एक पुराने और खंडहरनुमा भवन में लगी थी। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की गहन जांच की जा रही है।"
— भारत भूषण, डीएसपी सुंदरनगर