राहुल गांधी 'मौसमी नेता', युवाओं को गुमराह करने का आरोप; रोहतक में कांग्रेस पर बरसीं डॉ. अर्चना गुप्ता

1000268387

Dr. Archana Gupta lashed out at the Congress in Rohtak.

रोहतक। Dr. Archana Gupta lashed out at the Congress in Rohtak. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक आवास के बाहर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को रोहतक में आक्रोश मार्च निकाला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता सुभाष चौक पर एकत्रित हुए और आम्बेडकर चौक होते हुए कांग्रेस प्रदेश कार्यालय तक मार्च निकाला।

इस दौरान सड़कों पर जाम की स्थिति भी बनी। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की और कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। रोहतक स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के उपरांत भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में धरने पर बैठ गए।वहीं कांग्रेस भवन में पहले सेे बैठे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी नारेबाजी की।

स्थिति तनाव पूर्ण बन गई। पुलिस को स्थिति नियंत्रण करने के लिए आना पड़ा। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर सहित कई वरिष्ठ नेता कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सभा को संबोधित करते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन लोकतांत्रिक मर्यादाओं और सुरक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की राजनीति लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं है।

उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें मौसमी नेता बताया और आरोप लगाया कि वे केवल राजनीतिक अवसर आने पर ही सक्रिय दिखाई देते हैं। उनके अनुसार कांग्रेस युवाओं को गुमराह कर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है, जबकि देश का युवा विकास, पारदर्शिता और सुशासन के साथ खड़ा है।

डॉ. गुप्ता ने कहा कि पेपर लीक जैसे मुद्दों पर कांग्रेस को सरकार पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने दावा किया कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय भी ऐसी घटनाएं होती रही हैं, जबकि वर्तमान सरकार ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी बनाने के कदम उठाए हैं।

उन्होंने कांग्रेस को 1975 के आपातकाल की याद दिलाते हुए कहा कि लोकतंत्र पर सबसे बड़ा आघात कांग्रेस शासन के दौरान हुआ था। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस लगातार देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं।

पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि कांग्रेस वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए झूठ और भ्रम की राजनीति कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में देश और हरियाणा विकास के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। मार्च के बाद भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय के बाहर धरने पर भी बैठे।

इस दौरान पूर्व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश नांदल, प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, प्रदेश सचिव रेनू डाबला, जिला अध्यक्ष रणवीर ढाका, राजकुमार कपूर, जाेगेंंद्र सैनी, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी शमशेर सिंह, झज्जर जिला अध्यक्ष विकास वाल्मीकि, जींद जिला अध्यक्ष तेजेंद्र ढुल, गोहाना जिला अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक, रेवाड़ी जिला अध्यक्ष वंदना पोपली, जिला उपाध्यक्ष नवीन ढुल, पूर्व चेयरमैन प्रतिभा सुमन, जिला मीडिया प्रभारी पंकज भारद्वाज, हरिओम मित्तल सहित कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।